Garhwa Crime News, गढ़वा, (अविनाश की रिपोर्ट): गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र अंतर्गत रारो गांव में आयोजित एक विवाह समारोह सोमवार की रात खून-खराबे का गवाह बन गया. मामूली सी कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. मृतक की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव (पिता- धर्मन यादव का पुत्र) के रूप में हुई है. इस घटना के बाद दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
नाश्ते के बाद शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनडीहा गांव से दीपक यादव की बारात रारो गांव निवासी लक्ष्मण यादव के घर पहुंची थी. जनवासा में नाश्ता करने के बाद बाराती और रिश्तेदार दूल्हे के पास जमा होकर हंसी-मजाक कर रहे थे. इसी बीच दूल्हे का ममेरा भाई रविंद्र यादव दूल्हे को जबरन चश्मा पहनाने की कोशिश करने लगा. दूल्हे ने जब मना किया, तो वहां मौजूद मुकेश यादव ने बीच-बचाव करते हुए रविंद्र को ऐसा करने से रोका. बस यही बात रविंद्र को नागवार गुजरी और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई.
अंधेरे का फायदा उठाकर किया जानलेवा हमला
विवाद के कुछ देर बाद जब मुकेश यादव अकेला पाया गया, तब आरोपी रविंद्र ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला बोल दिया. चश्मदीदों के अनुसार, मुकेश को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से इतनी बेरहमी से पीटा गया कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. आनन-फानन में ग्रामीण और परिजन उसे इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर फैलते ही बारात में भगदड़ मच गई और शादी की रस्में पूरी तरह प्रभावित हो गईं.
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही डंडई और धुरकी पुलिस मौके पर पहुंची. मंगलवार की सुबह जब मुकेश का शव उसके गांव सोनडीहा पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी रविंद्र यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि छोटी सी बात पर किसी की जान ले ली गई.
