जंगीपुर में गायत्री शक्तिपीठ का आठवां वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया प्रतिनिधि, श्री बंशीधर नगर अखिल विश्व गायत्री परिवार ने नगर पंचायत क्षेत्र के जंगीपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित वेद माता गायत्री शक्तिपीठ आठवां वार्षिक उत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी जितेंद्र कुमार कमलापुरी उर्फ मंटू और उनकी पत्नी कंचन कुमारी विशेष रूप से शामिल हुए. उन्होंने भगवान नर्मदेश्वर महादेव पर रुद्राभिषेक कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की. इस दौरान हर हर महादेव, जय भोलेनाथ, जय शिव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा. वार्षिक उत्सव पर सात कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां समर्पित की. यज्ञ स्थल पर मंत्रोच्चारण और अग्निहोत्र की लहराती ज्वालाओं के बीच अध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संचार हुआ. मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन, महा आरती और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हुआ. श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में डूबकर गायत्री माता के चरणों में अपना भाव अर्पित किया. भजन-कीर्तन के दौरान अखिल विश्व गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्य ललसु राम, अजीत चौबे और उपेंद्र कुमार ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किये, जिससे उपस्थित श्रद्धालु मंत्र-मुग्ध हो गये. बांसुरी वादक सुजीत कुमार और तबला वादक, कीबोर्ड प्लेयर विपिन कुमार की मधुर संगत ने भजनों में और भी उत्साह भर दिया. मौके पर प्रखंड समन्वयक अजीत चौबे, जोखू प्रसाद, राम प्रसाद कमलापुरी, अनिल लाल अग्रवाल, सुरेश विश्वकर्मा, युवा समन्वयक शुभम जायसवाल, रवि प्रकाश, शिवकुमार मेहता आदि मौजूद थे. महाप्रसाद का किया गया वितरण कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. इसके अलावा नगर पंचायत की अध्यक्ष साधना देवी को गायत्री परिवार की ओर से सम्मानित किया गया. उन्होंने आयोजन की भव्यता की सराहना की और मां गायत्री का आशीर्वाद प्राप्त किया. प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे ने कहा कि गायत्री शक्तिपीठ का वार्षिक उत्सव हर वर्ष श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाता है. यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत करता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश भी देता है.
वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और भजन-कीर्तन से गूंजा मंदिर परिसर
जंगीपुर में गायत्री शक्तिपीठ का आठवां वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया
