गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की अनोखी पहल ‘कॉफी विद एसडीएम’ का मंच आज मोबाइल व्यवसायियों के लिए सजेगा. बुधवार, 6 मई को सुबह 11 बजे अनुमंडल कार्यालय सभागार में होने वाली इस बैठक में गढ़वा के मोबाइल बेचने वालों और रिपेयरिंग संचालक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कॉफी की चुस्कियों के बीच सीधे संवाद करेंगे.
समस्याओं पर होगी चर्चा
एसडीएम संजय कुमार ने इस बार मोबाइल सेक्टर को इसलिए चुना है जिससे कि इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं, सुझावों और उनकी जरूरतों को प्रशासन सीधे समझ सके. अक्सर मोबाइल दुकानदारों को कई तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिसका समाधान इस मंच के जरिए निकाला जाएगा.
रक्षा और कानून व्यवस्था पर भी जोर
व्यवसाय के साथ-साथ यह बैठक जिले की सुरक्षा और विधि व्यवस्था के लिहाज से भी अहम है. चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री रोकने, संदिग्ध ग्राहकों की पहचान और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाने जैसे संवेदनशील मुद्दों पर एसडीएम दुकानदारों से प्रशासनिक अपेक्षाएं साझा करेंगे. एसडीएम ने क्षेत्र के सभी मोबाइल रिपेयरिंग संचालकों और विक्रेताओं से आग्रह किया है कि वे सुबह 11 बजे निर्धारित स्थान पर पहुंचें. इस स्वैच्छिक संवाद का हिस्सा बनकर वे न केवल अपनी समस्याएं रख सकते हैं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपने सुझाव भी दे सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: पुलिस हिरासत में पिटाई पर हाईकोर्ट सख्त, स्वास्थ्य सचिव और सरायकेला एसपी से मांगा जवाब
इसे भी पढ़ें: खरसावां के सरदार हत्याकांड में खुलासा: पत्नी और साला ने दूसरों के साथ मिलकर की थी हत्या, चार गिरफ्तार
