गढ़वा के बूढ़ा पहाड़ में अब विकास का 'नया सवेरा', वित्त मंत्री ने दिए इन सुविधाओं को ठीक करने के निर्देश

Garhwa Budha Pahad: गढ़वा के बूढ़ा पहाड़ की सूरत बदलने वाली है. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जिले के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की. कुसुम्बा से बूढ़ा पहाड़ तक सड़क, गांव-गांव बिजली और कुल्ही में नए स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना पर मुहर लग गई है. पढ़ें, कैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र अब खुशहाली की ओर बढ़ रहा है.

Garhwa Budha Pahad, गढ़वा (अविनाश की रिपोर्ट): कभी नक्सलियों का अभेद्य किला माना जाने वाला गढ़वा का बूढ़ा पहाड़ और उसके आसपास के क्षेत्रों की सूरत बदलने की कवायद तेज हो गई है. राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार गंभीर दिख रहे हैं. इसी कड़ी में सोमवार को गढ़वा समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास कार्यों की वर्तमान प्रगति की बारीकी से जांच की गई.

जमीनी दौरे के बाद एक्शन मोड में मंत्री

गौरतलब है कि विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए वित्त मंत्री ने बीते 3 अप्रैल को स्वयं बूढ़ा पहाड़ का दौरा किया था. उस दौरान ग्रामीणों से मिले फीडबैक के आधार पर ही आज की बैठक में बुनियादी सुविधाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए. बैठक में गढ़वा डीसी दिनेश यादव, डीडीसी पशुपति नाथ मिश्रा, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सीएस डॉ. जॉन एफ केनेडी और विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे.

Also Read: ‘खरसावां गोलीकांड’ की घटना पर बनने वाली फिल्म की मई से शुरू होगी शूटिंग, 1 जनवरी 2027 को रिलीज

इन प्रमुख योजनाओं पर रहा जोर

बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया:

  • कुसुम्बा से बूढ़ा पहाड़ तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश.
  • क्षेत्र के जो गांव अब भी बिजली से वंचित हैं, वहां तत्काल विद्युतीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया.
  • हेसातू मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय (High School) में स्तरोन्नत (Upgrade) करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश.
  • ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए कुल्ही में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थापना की जाएगी.

अधिकारियों को अल्टीमेटम

वित्त मंत्री ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं ताकि क्षेत्र के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके. बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, बड़गड़ के बीडीओ-सीओ और टेहरी पंचायत की मुखिया बींकू टोप्पो सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

Also Read: रांची डीसी का बड़ा फैसला: स्कूलों में ‘री-एडमिशन’ पूरी तरह अवैध, 10% से ज्यादा फीस बढ़ाई तो खैर नहीं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >