गढ़वा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (इएलसी) से संबंधित समीक्षा बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल बनाना और जिले के युवा व भावी मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ना था. बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद थे.
117 स्कूलों और 12 कॉलेजों में गठित
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वैसे सभी युवा, जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाये. इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों को पात्र युवाओं से प्रपत्र-6 और घोषणा-पत्र प्राप्त कर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में बताया गया कि 80-गढ़वा और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 117 विद्यालयों और 12 महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित हैं.
ये भी पढ़ें: गढ़वा : SIR के तहत नो-मैपिंग वोटरों की सुनवाई शुरू, 80 में से 40 ने जमा किए दस्तावेज
मतदान के प्रति जागरूक करने का निर्देश
उपायुक्त ने इन क्लबों की नियमित बैठक कराने और युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया. उन्होंने पात्र युवाओं को मोबाइल में संबंधित ऐप डाउनलोड कराकर प्रपत्र-6 ऑनलाइन भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी योग्य युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे.
