प्रतिनिधि, गढ़वा : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने गुरुवार को तीन अलग-अलग बैठकों में जिले में चल रहे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की. मिशन शक्ति, इंस्पायर अवार्ड-मानक और एसआइआर को लेकर हुई बैठकों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
SIR में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसआइआर की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी, लापरवाही या अनावश्यक भ्रम फैलाने में पदाधिकारी, कर्मी अथवा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने 80-गढ़वा और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एइआरओ और अतिरिक्त एइआरओ को पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने फॉर्म-6, 7 और 8 से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने को कहा. साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ को प्रत्येक सप्ताह एसआइआर कार्यों की मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बीएलए को क्षेत्र में रहकर निर्वाचन कार्य में आवश्यक सहयोग करने की अपील की गयी.
हर पात्र स्कूल से पांच विद्यार्थियों के आइडिया का होगा नॉमिनेशन
इंस्पायर अवार्ड-मानक की समीक्षा बैठक सह कार्यशाला में जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने जिले के सभी पात्र विद्यालयों से शत-प्रतिशत नॉमिनेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कक्षा छह से 12 तक संचालित प्रत्येक पात्र विद्यालय से पांच विद्यार्थियों के वैज्ञानिक आइडिया का नॉमिनेशन कराया जाना है. इसके लिए प्रखंड स्तर पर अभियान और कैंप आयोजित करने को कहा गया. जिला उप-नोडल अविनाश कुमार ने पोर्टल पर नॉमिनेशन और आइडिया अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी.
महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा
मिशन शक्ति की जिला स्तरीय समिति की बैठक में उपायुक्त ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया.
इसके लिए संबंधित विभागों में नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया. नोडल पदाधिकारी योजनाओं के समन्वय, अनुश्रवण और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार होंगे.
बैठक में सम्बल के तहत बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन-181 और सखी वन स्टॉप सेंटर तथा सामर्थ्य के तहत शक्ति सदन, पालना घर, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा की गयी.
