धूल के गुबार में घुट रहा शहर

चार माह से बदहाल हैं गढ़वा की सड़कें, नियमित पानी छिड़काव नहीं होने से परेशानी

चार माह से बदहाल हैं गढ़वा की सड़कें, नियमित पानी छिड़काव नहीं होने से परेशानी

जितेंद्र सिंह, गढ़वा शहर में सड़क निर्माण कार्य कर रहे संवेदक की लापरवाही अब चरम पर पहुंच चुकी है. पिछले करीब चार माह से शहर की मुख्य सड़कों को निर्माण के नाम पर उखाड़कर छोड़ दिया गया है, लेकिन इसके बाद न तो निर्माण कार्य में अपेक्षित गति आयी और न ही लोगों को राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाये गये. नतीजतन, शहरवासी हर दिन धूल और अव्यवस्था के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं. सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं. वहीं, हल्की सी हवा चलते ही धूल का गुबार पूरे इलाके में फैल जाता है, जिससे आसपास के घरों, दुकानों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

धूल से सांस लेना हुआ मुश्किल, दुर्घटना का बढ़ा खतरा

लगातार उड़ती धूल ने लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डालना शुरू कर दिया है. खासकर बुजुर्ग, बच्चे और दमा के मरीजों के लिए स्थिति और भी गंभीर हो गयी है. लोगों का कहना है कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं दुकानदारों को भी अपने प्रतिष्ठानों को साफ रखने में भारी परेशानी हो रही है. उखड़ी सड़कों और धूल दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गयी है.

पानी छिड़काव में भी लापरवाही

निर्माण कार्य के दौरान धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव जरूरी होता है, लेकिन यहां यह भी नहीं किया जा रहा है. शनिवार को भी पूरे दिन सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं हुआ, जिससे धूल का स्तर और बढ़ गया. लोगों का आरोप है कि संवेदक पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है और प्रशासन भी इस पर सख्ती नहीं दिखा रहा है.

चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

इस समस्या को लेकर 16 मार्च को समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष ने मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेका कंपनी को कड़ी चेतावनी दी थी. इसके बाद कंपनी की ओर से 31 मार्च तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा है.

प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

लगातार बढ़ती परेशानियों से तंग आ चुके शहरवासियों ने अब प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. लोगों का कहना है कि या तो निर्माण कार्य में तेजी लायी जाए या फिर कम से कम नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूल से राहत मिल सके. शहरवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

सीसीटीवी व स्ट्रीट लाइट लगवाने का काम उटका

गढ़वा जिला मुख्यालय में सड़क के किनारे सीसीटीवी के साथ स्ट्रीट लाइटें लगायी जानी हैं. पूर्व में उपायुक्त दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर चर्चा भी हुई थी. उस समय सड़क निर्माण कार्य पूरा होने लाइट और सीसीटीवी लगाने पर सहमति बनी थी. साथ ही शहर में ट्रेफिक पोस्ट का भी निर्माण होना है, लेकिन सड़क निर्माण की धीमी गति के कारण फिलहाल उस पर भी ब्रेक हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >