गढ़वा-अंबिकापुर एनएच 343 पर खरडीहा पुल के बने गार्डवाल के नीचे खाई में एक कार पलट गयी. इसमें चालक एवं उसमें सवार दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में सत्यनारायण प्रसाद गुप्ता के पुत्र चालक अमित कुमार गुप्ता, चंद्रशेखर प्रसाद गुप्ता की पुत्री प्रतिभा कुमारी उर्फ छोटी (19 वर्ष) और मथुरा प्रसाद गुप्ता की पुत्री प्रीति कुमारी (8 वर्ष) शामिल हैं. तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है. सभी रंका चौधरी मुहल्ला के रहने वाले हैं. घटना रविवार की रात करीब नौ बजे की है. कार के दुर्घटनाग्रस्त होने व चीख-पुकार की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण दौड़े और तीनों को कार से बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़वा रेफर कर दिया गया है. इसमें प्रीति की हालत गंभीर है. गढ़वा सदर अस्पताल से भी प्रीति को बाहर रेफर कर दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग कार से घूमने निकले थे. कार उसी मुहल्ला निवासी गुडून चंद्रवंशी की बतायी गयी है. दुर्घटनाग्रस्त कार को आनन-फानन में जेसीबी मशीन से निकाल कर हटाया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
