गढ़वा के मैट्रिक-इंटर टॉपर्स को किया गया सम्मानित, मेधावी छात्र-छात्राओं को फ्री कोचिंग कराएगा प्रशासन

Garhwa News: गढ़वा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जैक और सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 के टॉपर्स को सम्मानित किया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट

Garhwa News: गढ़वा जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया. उपायुक्त अनन्य मित्तल की अध्यक्षता और जिला शिक्षा पदाधिकारी  कैसर रजा के नेतृत्व में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में जैक और सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 के जिला टॉपर्स को सम्मानित किया गया. इस दौरान जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. प्रशासन की विशेष पहल पर जिला स्तर के ‘टॉप टेन’ छात्र-छात्राओं को प्रशासनिक और अन्य उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बिल्कुल निःशुल्क (फ्री) कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए पतंजलि आईएएस एकेडमी सहयोग करेगी. इस कदम का उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों ने जोरदार स्वागत किया है.

इन्होंने बढ़ाया जिले का मान

समारोह में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची जारी की गई और उन्हें मंच पर सम्मानित किया गया. 

जैक बोर्ड के टॉपर

10वीं (मैट्रिक): विकास कुमार यादव ने 97.4% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं लव यादव ने दूसरे और अनुराज खलखो तीसरे स्थान पर रहे.

12वीं (इंटर विज्ञान): ज्योति मेहता ने 93.4% अंकों के साथ शीर्ष स्थान पाया.

12वीं (इंटर कॉमर्स): वाणी कुमारी ने 87.2% अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया.

12वीं (इंटर कला): अनुव्रत प्रताप सिंह ने 89.2% अंकों के साथ जिला टॉप किया.

सीबीएसई बोर्ड के टॉपर

10वीं (मैट्रिक): साक्षी कुमारी ने 97.2% अंक हासिल कर पहला स्थान पाया.

12वीं (उत्कृष्ट विद्यालय – विज्ञान): स्नेहा कुमारी ने 86.4% अंकों के साथ परचम लहराया.

12वीं (उत्कृष्ट विद्यालय – कला): विदुशी प्रखर ने 94.8% अंकों के साथ सर्वोच्च स्थान हासिल किया.

मेधावियों को मिले हाई-टेक गैजेट्स

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से टॉपर्स का उत्साह बढ़ाने के लिए विशेष उपहार दिए गए. बोर्ड परीक्षाओं में जिला स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट, द्वितीय स्थान पाने वालों को स्मार्ट वॉच और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक बैग दिए गए. इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के भविष्य को गढ़ने वाले बेहतरीन शिक्षकों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया.

आपकी सफलता पूरे जिले की उपलब्धि: उपायुक्त

उपायुक्त अनन्य मित्तल ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उनके परिवार, विद्यालय और पूरे गढ़वा जिले का गौरव है. निरंतर सीखना, अनुशासन और एक स्पष्ट लक्ष्य ही जीवन में सफलता की असली कुंजी है. जिला प्रशासन जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने और यहां की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

इन लोगों को भी किया गया सम्मानित 

समारोह के दौरान शिक्षा और पोषण के स्तर को सुधारने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान गढ़वा लर्नस, गढ़वा लीड्स के अंतर्गत पीएम पोषण योजना (मिड-डे मील) में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और संबंधित कर्मियों को भी पुरस्कृत किया गया.

ये लोग रहे मौजूद

इस समारोह में जिले के अलग-अलग स्कूलों के प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत आईडीबीआई और एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक और प्रतियोगिता भागीदार के प्रतिनिधि समेत भारी संख्या में अभिभावक और छात्र मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: देवघर में चाय दुकान चलाने वाली महिला की हत्या, पुलिस जांच में जुटी 

यह भी पढ़ें: धनबाद: अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी राजगंज रोड को किया जाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >