बिशुनपुरा और रमना की दुकानों में चोरी करने वाला धराया, सोने के गहने और नकदी बरामद

Garhwa News: गढ़वा के बिशुनपुरा और रमना में दुकानों में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया. एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोने के गहने और नकदी बरामद की गई. आरोपी ने पहले भी चोरी की वारदात कबूली. पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है और आगे जांच जारी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के बिशुनपुरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. बिशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वेलर्स और एक बर्तन दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी के जेवरात और नकदी भी बरामद की गई है. इस संबंध में एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी.

छत काटकर दुकान में घुसा था चोर

एसडीपीओ ने बताया कि 1 मई 2026 की रात आरोपी ने मनोकामना ज्वेलर्स की छत का सीट काटकर दुकान में प्रवेश किया था. इसके बाद उसने दुकान में रखे 37 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया. चोरी किए गए सामान में सोने का लॉकेट, कान का टॉप और नथिया शामिल थे. घटना के बाद पुलिस ने बिशुनपुरा थाना में कांड संख्या-14/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.

पुलिस टीम ने गुप्त सूचना से पकड़ा आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महुलिया निवासी मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल (23 वर्ष) को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ सामान

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया. बरामदगी में 22 हजार 500 रुपये नकद, एक जोड़ा सोने का कान का टॉप, ‘ॐ’ लिखा सोने का लॉकेट और एक की-पैड मोबाइल शामिल है. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी की गई कुछ रकम उसने खर्च कर दी, जबकि कुछ पैसे नशे की हालत में कहीं गिर गए.

रमना में भी कर चुका है चोरी की वारदात

पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने पिछले वर्ष नवंबर माह में रमना बाजार की एक दुकान से 50 हजार रुपये की चोरी की थी. इस मामले में रमना थाना में कांड संख्या-112/25 दर्ज है. पुलिस अब इस पुराने मामले में भी आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: पतरातू डैम में बोटिंग पर लगी रोक, अब बिना शपथ पत्र के नहीं चलेगी नाव

पुलिस टीम की कार्रवाई को मिली सफलता

पुलिस इस पूरे मामले को बड़ी सफलता मान रही है. इस कार्रवाई में शामिल टीम में निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार, बिशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह, पुअनि मिन्नातुल्लाह खां, सअनि राकेश कुमार, हवलदार विपिन बिहारी गुप्ता, अजय कुमार तिवारी, राजीव रंजन तिवारी और धनंजय कुमार की अहम भूमिका रही. पुलिस ने संकेत दिया है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

इसे भी पढ़ें: पतरातू में चरमराई सफाई व्यवस्था, सड़क के किनारे कूड़े का अंबार बना परेशानी का सबब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >