भवनाथपुर, गढ़वा : भवनाथपुर प्रखंड में मनरेगा योजनाओं में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाया गया है. कांग्रेस जिला प्रवक्ता राहुल कुमार दुबे ने स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) आनंद रजक पर गंभीर आरोप लगाये हैं.
तीन वर्षों में कागज पर योजनाएं बनाने का आरोप
आवेदन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के दौरान भवनाथपुर प्रखंड में मनरेगा के तहत तालाब, डोभा और कुआं निर्माण की कई योजनाएं कागज पर दिखायी गयीं. आरोप है कि बिना धरातल पर काम कराये प्रति योजना करीब 16 लाख रुपये से अधिक की राशि की निकासी की गयी. शिकायत में कहा गया है कि जिन योजनाओं के नाम पर राशि निकाली गयी, वे धरातल पर मौजूद नहीं हैं और जॉब कार्डधारियों के नाम पर भी कथित रूप से राशि की निकासी की गयी.
छह प्रतिशत कमीशन व अवैध उगाही का आरोप
राहुल दुबे ने आरोप लगाया है कि बीपीओ आनंद रजक ने पद का दुरुपयोग करते हुए दलाल-बिचौलियों के माध्यम से मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में छह प्रतिशत रिश्वत और कमीशन की वसूली की. शिकायत में तालाब, डोभा और कुआं निर्माण के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कथित अवैध उगाही और सरकारी राशि के गबन का आरोप लगाया गया है.
उच्चस्तरीय जांच और संपत्ति की जांच की मांग
राहुल दुबे ने पिछले तीन वर्षों में हुए सभी कुआं, तालाब और डोभा निर्माण कार्यों का उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है. साथ ही बीपीओ आनंद रजक की पिछले तीन वर्षों में अर्जित चल-अचल संपत्ति और बैंक खातों में जमा राशि की जांच कराने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि समय रहते जांच नहीं हुई, तो आंदोलन किया जायेगा. आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, ग्रामीण विकास मंत्री, मुख्य सचिव और भवनाथपुर बीडीओ को भी दी गयी है.
