प्रतिनिधि, गढ़वा कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) गढ़वा के अधीन रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में नियुक्ति समिति की बैठक हुई. बैठक में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम), सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) एवं लेखापाल-सह-लिपिक के पदों पर बहाली प्रक्रिया की समीक्षा की गयी और पारदर्शी तरीके से नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. बैठक में परियोजना निदेशक आत्मा-सह-जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान ने नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि तीनों श्रेणियों के रिक्त पदों के लिए कुल 408 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें प्रखंड तकनीकी प्रबंधक पद के लिए 76, सहायक तकनीकी प्रबंधक पद के लिए 291 तथा लेखापाल-सह-लिपिक पद के लिए 41 आवेदन शामिल हैं. प्रारंभिक जांच (स्क्रूटनी) के दौरान नियमों एवं निर्धारित अर्हताओं के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण 13 आवेदनों को निरस्त कर दिया गया है. उपायुक् ने नियुक्ति प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जाये. उपायुक्त के निर्देश के आलोक में अभ्यर्थी अपने आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की दावा-आपत्ति 17 जून 2026 तक दर्ज करा सकते हैं. जिला कृषि पदाधिकारी को प्राप्त होने वाली सभी आपत्तियों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. उपायुक्त ने कहा कि बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, स्थापना उप समाहर्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी सहित नियुक्ति समिति से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
आत्मा के रिक्त पदों के लिए 408 आवेदन मिले, दावा-आपत्ति दर्ज कराने का भी मौका
आत्मा के रिक्त पदों के लिए 408 आवेदन मिले, दावा-आपत्ति दर्ज कराने का भी मौका
