गढ़वा : गढ़वा के अपर समाहर्ता विकास कुमार राय मंगलवार को रमकंडा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अंचल अधिकारी अनिल रविदास से अंचल से जुड़े कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने आम लोगों से प्राप्त आवेदनों, रजिस्टर संधारण, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, म्यूटेशन सहित अन्य मामलों की जांच की. अपर समाहर्ता ने प्रखंड कार्यालय के विभिन्न कमरों का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
खिड़की से पानी रिसता देख मरम्मत कराने का निर्देश दिया
निरीक्षण के दौरान मनरेगा कार्यालय की खिड़की से पानी रिसता देख उन्होंने बीडीओ संजय कोनगाड़ी को इसकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया. वहीं बिजली उपलब्ध रहने के बावजूद जेएसएलपीएस कार्यालय में अंधेरा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा. निरीक्षण के बाद अपर समाहर्ता ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया जाता है.
मौके पर अंचल कार्यालय के सहायक प्रशांत सिंह भी रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान रजिस्टर संधारण में कुछ कमियां मिली हैं, जिन्हें सुधारने का निर्देश संबंधित कर्मियों को दिया गया है. मौके पर अंचल कार्यालय के सहायक प्रशांत सिंह, इरफान खान, राजस्व कर्मचारी विनोद सिंह, इंदेश्वर बैठा, अमीन अब्दुल सतार अंसारी, ऑपरेटर उदित दिवाकर, प्रखंड नाजिर अरुणेश गुप्ता, बीपीओ सुनील कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे.
