प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अकीदत और मसर्रत के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों, मस्जिदों और मदरसों में दो रकअत वाजिब नमाज-ए-ईद-उल-अजहा अदा की. सुबह से ही इबादतगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी. नये वस्त्रों में सजे अकीदतमंदों ने पूरी श्रद्धा के साथ नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन की दुआ मांगी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और घरों में जाकर कुर्बानी पेश की. मुख्य गढ़वा ईदगाह में जामा मस्जिद इराकी मोहल्ला के पेश इमाम हाफिज अब्दुस्समद ने नमाज अदा करायी. टंडवा मस्जिद में मौलाना शाहजाद आलम मिसवाही, उंचरी मस्जिद में मुफ्ती मो. यूनुस तथा मदरसा तबलिगुल इस्लाम मैदान में मौलाना लियाकत हुसैन ने नमाज अदा करायी. इमामों ने कुर्बानी के महत्व और त्याग के संदेश पर प्रकाश डाला. ईद-उल-अजहा के दौरान जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. संवेदनशील स्थानों और इबादतगाहों के पास दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. जिले के सभी नमाज स्थलों पर इंतजामिया कमेटियों द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई थी. भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल, छांव और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था की गयी, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
…………….
धुरकी: भाईचारे के साथ मनी बकरीद, विधायक ने किया दौराधुरकी प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ. सभी मस्जिदों में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गयी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी. स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव ने क्षेत्र का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और बकरीद के संदेश को त्याग और बलिदान का पर्व बताया. सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस बल सक्रिय रहा.
………..रंका: रंका में गूंजा भाईचारे का संदेश
रंका अनुमंडल मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. तक्कुशाह दाता ईदगाह मैदान में नमाज अदा की गयी. मौलाना मुफ्ती मोहम्मद मिस्बाही समसी ने नमाज अदा करायी और भाईचारे का संदेश दिया. मौके पर सदर शोयब खलीफा, हाजी फरूद्दीन खलीफा, हाजी हाजी डा इस्लाम खलीफा, हाजी डॉ एकरामुद्दीन, हुसैनी अंसारी, मो सलीम, मो परवेज, रकीब खलीफा, नजीर खलीफा, शाह मोहम्मद खान, मदन खान, मो अलीम, इसराफिल सिद्दीकी, मो फिरोज, मो गुड्डू, मो मुर्तजा अली आदि उपस्थित थे.………….चिनिया: उल्लास के साथ मनायी गयी बकरीद
चिनिया मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का त्योहार उल्लास के साथ मनाया गया. चिनिया और रानी चेरी मस्जिद में नमाज अदा की गयी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी. मौके पर रानी चेरी के सदर अताउल्लाह अंसारी समाजसेवी फरीद खान, अयुब अंसारी मोबिन अख्तर, चिनिया के यासिन मलिक कमरुद्दीन, अब्दुल सत्तार अंसारी, समिम अंसारी, कुर्बान अंसारी, नसरुद्दीन मंसुरी आदि उपस्थित थे.
………..भंडरिया: भंडरिया में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई बकरीद
भंडरिया प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया. मस्जिदों में नमाज अदा की गयी और लोगों ने देश में अमन-चैन की दुआ मांगी. कुर्बानी के बाद जरूरतमंदों के बीच मांस का वितरण किया गया. इस अवसर पर हाजी उसमान अंसारी, मेहंदी हसन, खुर्शीद अंसारी फरहद खान, हदीस अहमद, तेजुल खान, तजमुल अंसारी, मुबारक खान, शमीम अंसारी नौशाद आलम आदि मौजूद थे.