पंचायत समिति की बैठक
वंशीधर नगर : प्रखंड कार्यालय के सभागार मे प्रखंड प्रमुख रवींद्र पासवान की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुुई. बैठक में कई विभागों के पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने पर प्रमुख ने नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि वैसे गायब रहने वाले पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला को लिखा जायेगा. उन्होंने कहा कि बैठक आयोजित होने पर हमेशा गायब रहने वाले पदाधिकारी जिम्मेवारी नहीं समझ रहे हैं. बैठक में सभी विभागों की क्रमवार समीक्षा कि गयी. बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए पंचायत समिति सदस्यों द्वारा खराब पड़े चापानलों की मरम्मत का मुद्दा छाया रहा. गरबांध पंचायत के पंचायत समिति सदस्य ने कामेश्वर उरांव व गुना उरांव के घर के निकट स्थित चापानल खराब होने का मामला उठाया.
वहीं नरही पंचायत कि बीडीसी जितनी देवी ने मुंद्रिका राम के घर के निकट लगे चापानल विगत एक वर्ष से खराब होने का मामला उठाया. सांसद प्रतिनिधि मुकेश चौबे ने कहा कि कोलझिकी गांव में उदय चंद्रवंशी के घर के निकट लगे चापानल को उखाड़ कर आंगन में लगा दिया गया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी खराब चापानलों कि सूची उपलब्ध कराने को कहा. वहीं स्वच्छता पेयजल विभाग के कनीय अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि खराब चापानलों का सर्वे किया जा रहा है तथा मरम्मत कराया जा रहा है.
जर्जर सड़कों की मरम्मत का मामला उठाये जाने पर बीडीओ ने कहा कि जो काफी जर्जर व महत्वपूर्ण सड़क है, उसकी सूची उपलब्ध करावें. पशुपालन विभाग के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि बतख पालन के लिए अभी तक राशि कि निकासी नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि हाल ही में पशु गणना कराया जायेगा. बैठक में इंदिरा आवास योजना की समीक्षा की गयी. बैठक में कई विभागों की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों ने दी. बैठक में उप प्रमुख रामप्रवेश प्रजापति, बीसीओ गजनफर अली खान,बीपीओ रविशंकर सिंह, सुनील तिवारी, अस्पताल के उपाधीक्षक आर दिवेद्वी, बीडीसी अवधेश कुशवाहा सहित अन्य पंचायत के बीडीसी, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक सहित अन्य उपस्थित थे.
