झारखंड में सबसे आगे निकलने की क्षमता

दो दिवसीय बंशीधर महोत्सव शुरू. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा गढ़वा : झारखंड में जितनी खनिज संपदाएं व प्राकृतिक संपदाएं हैं, उतना दूसरे राज्यों में नहीं है. इसे यदि विकसित कर दिया जाये, तो कई विकसित देशों से भारत का यह राज्य अकेले आगे निकलने की कुव्वत रखता है. उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने […]

दो दिवसीय बंशीधर महोत्सव शुरू. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा
गढ़वा : झारखंड में जितनी खनिज संपदाएं व प्राकृतिक संपदाएं हैं, उतना दूसरे राज्यों में नहीं है. इसे यदि विकसित कर दिया जाये, तो कई विकसित देशों से भारत का यह राज्य अकेले आगे निकलने की कुव्वत रखता है. उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने की. वह रविवार को दो दिवसीय श्री बंशीधर महोत्सव के उदघाटन मौके पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं. इसके माध्यम से देश में विदेशी मुद्राएं भी पहुंचेंगी. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य गरीब नहीं हैं, बल्कि यहां के लोग गरीब हैं.
2020–21 तक झारखंड के सभी गांवों में घर–घर तक पाइपलाइन द्वारा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 4.32 लाख महिलाओं को कौशल विकास से जोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए भी अलग से राशि का प्रबंध किया गया है. उन्होंने कहा कि मोमेंटम झारखंड के माध्यम से राज्य में 11 हजार निवेशक पहुंचे हैं. 173 एमओयू हो चुके हैं. मई व जून महीने से यह धरातल पर दिखने लगेगा. महोत्सव के माध्यम से मुख्यमंत्री ने माओवादियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे मुख्यधारा में शामिल हो जाये, अन्यथा कानून के हाथ काफी लंबे हैं. वे पुलिस प्रशासन से बच नहीं पायेंगे. उन्होंने कहा कि बंदूक किसी की जान ले सकती हैं, जान वापस नहीं लौटा सकती.
झारखंड के परिवार कल्याण व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा है कि एक अप्रैल से झारखंड के लोगों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत इलाज के लिए 2–2 लाख रुपये देने का प्रावधान किया जायेगा. श्री बंशीधर महोत्सव के उदघाटन के मौके पर अपने संक्षिप्त भाषण में कहा है कि झारखंड के रघुवर दास सरकार सभी क्षेत्र में बेहतर काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि नगरउंटारी में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की प्रतिमा स्थापना के 188 साल बाद यह पहला मौका हैै, जब यहां पर इसके नाम पर कोई आयोजन हो रहा है. उन्होंने कहा कि बंशीधर की तरह ही गढ़देवी मंदिर, सतबहिनी झरना एवं हुसैनाबाद विधानसभा के देवीधाम में भी महोत्सव का आयोजन कर उसे विकसित किया जायेगा.
इस मौके पर सांसद वीडी राम ने कहा कि नगरऊंटारी में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा दुनिया में सबसे बेमिसाल है. यह प्रतिमा मराठों ने बनायी थी, जिसे मुगलों के भय से गुफा में छुपाया गया था.
उन्होंने कहा कि वंशीधर के माध्यम से नगरऊंटारी सिर्फ राज्यस्तर पर ही नहीं, बल्कि विश्वस्तर पर प्रसिद्धि हासिल करेगा. उन्होंने गढ़वा जिले के अन्य पर्यटन स्थलों को भी इसी तरह से विकसित करने की मांग रखी.
बंशीधर महोत्सव में स्थानीय विधायक भानु प्रताप शाही ने अपने संबोधन में राजा पहाड़ी, पनघटवा डैम, सुखलदरी जलप्रपात व केतार भगवती मंदिर को भी विकसित करने की मांग की. उन्होंने गढ़वा जिले में पेयजल व सिंचाई की समस्या की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया.
उन्होंने इसके लिए स्थायी समाधान निकालने की मांग की. उन्होंने आयोजन के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे नगरऊंटारी का मान–सम्मान काफी बढ़ा है. उन्होंने कहा कि भगवान बंशीधर की ही कृपाहै कि रघुवर दास मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं. उन्होंने नगरऊंटारी को जिला बनाने व सिविल कोर्ट स्थापित करने की भी मांग रखी.
कार्यक्रम में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, हुसैनाबाद के विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, झारखंड सरकार के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर, डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव, बीस सूत्री के जिला उपाध्यक्ष सिद्वेश्वर लाल अग्रवाल आदि उपस्थित थे.
बंशीधर महोत्सव के उदघाटन मौके पर आयोजित कार्यक्रम में गढ़वा उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किये. पलामू आयुक्त ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न के रूप में भगवान श्रीकृष्ण व राधा की तसवीर भेंट की. धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त जगत नारायण प्रसाद ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >