गढ़वा : पायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने गुरुवार को गढ़वा प्रखंड के अन्नराज डैम एवं इसके पोषक क्षेत्रों का करीब तीन घंटे तक दौरा किया़ इस दौरान उपायुक्त ने अन्नराज नावाडीह के नहर की समस्या को बरसात के पूर्व दुरुस्त करने के निर्देश दिये़
उपायुक्त ने अन्नराज डैम को पर्यटन के लिहाज से भी बेहतर बताते हुए कहा कि यहां इसकी काफी संभावनाएं हैं. इस दौरान जिप सदस्य फिरोज खान ने उपायुक्त को बताया कि फाटक खराब रहने के कारण पानी का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है़ अन्नराज डैम में पानी आता है, लेकिन वह बह जाता है़ डैम के निरीक्षण के पश्चात उसके नहर के किनारे-किनारे तिलदाग गांव तक जाकर उसकी स्थिति देखी़ नहर में कई जगहों पर फाटक खराब होने से पानी संग्रहण प्रभावित हो रहा था़
इस पर उन्होंने जल पथ विभाग के कार्यपालक अभियंता से जानकारी ली़ कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार ने उपायुक्त को बताया कि डैम व कैनाल के सुदृढ़ीकरण के लिए 90 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है़ राशि प्राप्त होने के बाद इस पर काम लगाया जायेगा़
निरीक्षण के क्रम में गिजना गांव स्थित नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का उपयोग नहीं होने एवं उसके झाड़ियों से घिरे होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए इसे घोर लापरवाही कहा़ उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे जल्द साफ सुथरा कर इसमें एएनएम व चिकित्सकों की उपस्थिति करायी जाये़ इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी, जिप सदस्य फिरोज खान, राशिद खान आदि उपस्थित थे़
