मझिआंव (गढ़वा) : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी ने बुधवार को बरडीहा पहुंचकर पिछले दिन सड़क दुर्घटना के शिकार हुए लोगों के घर गये. मंत्री श्री चंद्रवंशी ने दुर्घटना के शिकार चारों लोगों के घर पहुंचकर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतक के परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त की. श्री चंद्रवंशी ने सभी मृतक के आश्रितों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 10-10 हजार रुपये का चेक तथा पांच-पांच हजार रुपये नकद राशि अपनी ओर से प्रदान किया.
साथ ही उन्होंने स्थानीय राशन डीलरों के माध्यम से 50-50 किलो चावल भी उपलब्ध कराया.मंत्री ने चारों मृतकों के एक-एक परिजनों को नये खुल रहे बालिका उवि में चतुर्थ वर्ग में नौकरी देने की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर से अन्य लाभ दिलाने का भी वे प्रयास करेंगे. इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि घटना काफी हृदयविदारक था. सभी मृतक नवजवान थे. इस घटना को सुनने के बाद उन्हें काफी दुख हुआ. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि घटना में जो घायल हुए हैं, उन सभी का इलाज पटना में करने के लिए बिहार सरकार को बोल दिया गया है.
27 नवंबर को हुई थी घटना
विदित हो कि 27 नवंबर को चार बजे सुबह बिहार के औरंगाबाद स्थित जम्होर गांव में बरडीहा से गये एक बारात से लौटने के दौरान बरडीहा निवासी इन चारों लोगों की मौत हुई थी. वे जिस बोलेरो गाड़ी से आ रहे थे, वह औरंगाबाद के समीप एक हाइवा से टकरा गयी थी.
इसमें बरडीहा के अखिलेश चौबे, दीनानाथ विश्वकर्मा, प्रमोद पासवान तथा लेभरी निवासी संतोष यादव की मौत घटनास्थल पर हो गयी थी. साथ ही चार लोग घायल हो गये थे.घायलों को पहले इलाज के लिए गया अस्पताल में भरती कराया गया था, जहां से उन्हें पटना में रेफर कर दिया गया था. वर्तमान में उन सभी का इलाज पटना में चल रहा है.
