15वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक
गढ़वा : बिरसा कृषि विवि रांची से संबद्ध कृषि विज्ञान केंद्र गढ़वा में बुधवार को 15वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पोटैटो रिसर्च सेंटर कोलकाता से पहुंचे प्रधान वैज्ञानिक डॉ अभिजीत हलधर ने अन्य वैज्ञानिकों के साथ मिलकर किया और कार्यक्रम का उद्घाटन किया. बैठक में उन्होंने मृदा व जल के संरक्षण के लिए कार्य करने की जरूरत बतायी. उन्होंने कहा कि अब किसानों को स्मार्ट एग्रीकल्चर पद्धति को अपनाने की आवश्यकता है. इससे कम लागत व संसाधन में बेहतर आमदनी प्राप्त किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि लाह उत्पादन के साथ-साथ गढ़वा के किसान शुष्क कृषि भूमि के योग्य फल के बगीचे को लगा सकते है़ं इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय गढ़वा के डीन प्रो डॉ एसके पाल ने कहा कि गढ़वा जिले में पोषक अनाज के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए. इस अनुरूप कृषि पद्धति को अपना कर ही जिले के किसान संपन्न हो सकते है़.
इस अवसर पर नाबार्ड डीडीएम लक्ष्मण कुमार ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षित किसानों व युवाओं की सूची बैंकों को उपलब्ध कराये़ं वहां से किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी जायेगी. इसके पूर्व कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार ने वित्तीय साल2019-20 की प्रगति रिपोर्ट तथा नये वित्तीय साल 2020-21 का एक्शन प्लान प्रस्तुत किया.
स्वागत भाषण डॉ अमरेशचंद्र पांडेय ने प्रस्तुत किया़ इस अवसर पर उपरोक्त के अलावा एलडीएम इंदूभूषण लाल, कृषि अनुसंधान केंद्र चियांकी के प्रधान वैज्ञानिक डॉ राजीव कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी लक्ष्मण उरांव, जिला भूमि सरंक्षण पदाधिकारी रामाश्रय पासवान, पशुपालन वैज्ञानिक डॉ सुषमा ललिता बाखला, डॉ विंध्याचल पासवान, प्रगतिशील कृषक ऋषि कुमार तिवारी, ब्रजेश तिवारी, प्रशांत तिवारी, शोभा तिवारी, ममता देवी सहित राकेश रंजन चौबे, सियाराम पांडेय, सुनील कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे़
