मनरेगा की जनसुनवाई में फर्जी निकासी का उदभेदन
रंका : रंका प्रखंड में मनरेगा के सामाजिक अंकेक्षण के तहत सोमवार को जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित की गयी. इसमें चार पंचायत की कुल नौ मामले की जनसुनवाई की गयी. जनसुनवाई कार्यक्रम में मनरेगा लोकपाल मुरारी झा ने कहा कि तमगेकला पंचायत में कुल 21 समतलीकरण योजना में सूचना बोर्ड में बिना बिल वाउचर के […]
रंका : रंका प्रखंड में मनरेगा के सामाजिक अंकेक्षण के तहत सोमवार को जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित की गयी. इसमें चार पंचायत की कुल नौ मामले की जनसुनवाई की गयी. जनसुनवाई कार्यक्रम में मनरेगा लोकपाल मुरारी झा ने कहा कि तमगेकला पंचायत में कुल 21 समतलीकरण योजना में सूचना बोर्ड में बिना बिल वाउचर के 63 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी है.
सूचना बोर्ड में बिल वाउचर संलग्न नहीं है. वहीं कटरा पंचायत में एक योजना में 32256 की निकासी की गयी है, जिसका अभिलेख पंचायत स्तरीय सामाजिक अंकेक्षण की टीम को प्रस्तुत नहीं किया गया है.
जन सुनवाई कार्यक्रम में मनरेगा से संबंधित बीडीओ, बीपीओ, मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक को 32256 रुपये की 12 प्रतिशत ब्याज के साथ रिकावरी देने की बात कही गयी़ चुटिया पंचायत के चुटिया गाँव में नरेश राम के भूमि समतलीकरण निर्माण में मृत व्यक्ति लक्ष्मण राम के नाम मास्टर रोल में छह मानव दिवस का मजदूरी भरकर 1008 रुपये की भुगतान का मामला सामने आया़ मृत मजदूर की मौत तीन वर्ष पूर्व हो गयी है. यह योजना वर्ष 2018-19 का है. इसमें मनरेगा अॉपरेटर को 1008 रुपये के 12 प्रतिशत ब्याज के साथ रुपये वसूली करने का निर्देश दिया गया है.
सोनदाग पंचायत में अनिल साव के खेत में डोभा निर्माण में खेत में बिना डोभा बनाये 14 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी है. यह योजना वर्ष 2018-19 की है. इस योजना की पुनः जांच के लिए एक टीम गठित की गयी है. गठित टीम से एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी गयी है. इस मौके पर बीडीओ मो परवेज, प्रमुख लीलावती देवी, जिला सामाजिक अंकेक्षण के डीआरपी सुनील तिवारी, वीआरपी भीखू कुशवाहा, बीआरपी आशीष चतुर्वेदी, बीपीओ मो असलम आदि उपस्थित थे.