मेराल : मेराल पुलिस ने मध्य प्रदेश से भटक कर मेराल पहुंची महिला की पहचान कर ली है़ साथ ही इसकी सूचना मध्य प्रदेश पुलिस के माध्यम से वहां के प्रधान के माध्यम से परिजनों तक पहुंचा दिया है. थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि तीर्थ करने निकली महिला उर्मिला देवी उर्फ बीटेल अनदवा गांव की रहनेवाली है. यह पटवार थाना, जिला रीवा मध्य प्रदेश में स्थित है़ महिला 17 जून सोमवार को थाना क्षेत्र के खोरीडीह गांव पहुंची थी़, जहां मुखिया अरुण कुमार तिवारी को किसी ने एक भटकी हुई महिला के बारे में जानकारी दिया था.
इस पर मुखिया ने उक्त महिला को अपने घर लाकर खाना खिलाया तथा उससे उसका पूरा परिचय प्राप्त किया़ इसके बाद मेराल थाना प्रभारी को इसके बारे में पूरी सूचना दी. इस पर थाना प्रभारी डीजी कंट्रोल रूम झारखंड के माध्यम से मध्य प्रदेश डीजी कंट्रोल रूम से संपर्क किया, जहां रीवा पुलिस के माध्यम से उसके प्रधान राकेश सिंह तक इसकी सूचना भिजवायी गयी. अनदवा गांव के प्रधान के माध्यम से संपर्क स्थापित होने के बाद मेराल थाना प्रभारी ने पहचान हेतु व्हाट्सएप से महिला की तस्वीर भेजवायी. वहां परिजनों ने उसकी पहचान की तथा मेराल आकर महिला को ले जाने की बात कही.
