वंशीधर नगर : आसन्न लोकसभा चुनाव व रामनवमी पर्व को लेकर एसडीपीओ नीरज कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक किया. बैठक में आसन्न लोकसभा चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण,व भयमुक्त संपन्न कराने तथा रामनवमी का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया.
लोकसभा चुनाव को लेकर श्री वंशीधर नगर अनुमंडल क्षेत्र में कहां-कहां कलस्टर बनाया गया है, कहां-कहां सीआरपीएफ को रखना है. इस पर चर्चा की गयी तथा रामनवमी का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने, विवादित स्थानों को चिह्नित कर विवाद सुलझाने हेतु ग्रामीणों के साथ बैठक करने, त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उन्हें गिरफ्तार करने, सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने, लगातार गश्त करते हुए अपराध व अपराध कर्मियों पर नजर रखने, वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने, चुनाव के दौरान पैसा व शराब का प्रलोभन देने वालों पर नजर रखने व कार्रवाई करने का निर्देश सभी थाना प्रभारी को दिया.
चुनाव में सीआरपीएफ जहां रहेंगे, वहां शौचालय, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश थाना प्रभारियों को दिया गया. मौके पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रमोद कुमार सिंह सहित भवनाथपुर के पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, केतार के थाना प्रभारी, खरौंधी के थाना प्रभारी, हरिहरपुर ओपी प्रभारी, विशुनपुरा थाना प्रभारी, रमुना थाना प्रभारी, धुरकी थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे.
