रंका : पशु तस्करी के लिए रंका से कानपुर ले जा रहे 27 भैंस को पुलिस ने ट्रक (सीजी 15 डीइ 5701)सहित जब्त किया है. ट्रक सफीउद्दीन खान (लखनपुर, सरगुजा, छतीसगढ़) का बताया गया है. जब्त भैंस को गढ़वा में रखा गया है. बताया गया कि भैंसों को बुरी तरह से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था़ इस वजह से दम घुटने से दो भैंसों की मौत हो गयी. पशु चिकित्सक डॉ गौतम कुमार ने मरे हुए भैंस को पोस्टमार्टम किया.
तत्पश्चात दोनों भैंस को गढ्ढा खोदकर दफना दिया गया. थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार की रात करीब दो बजे एसआइ काली प्रसाद सिंह गश्त कर रहे थे़ इसी दौरान चेकनाका के पास पुलिस को देखते ही एक ट्रक चालक तेज गति से ट्रक चलाकर गढ़वा की ओर भागने लगा. पुलिस ने शक के आधार पर ट्रक का पीछा किया. चालक ट्रक को भगाते हुए गढ़वा रंका मोड़ तक ले आया. यहां जाम में फंसने पर चालक ट्रक को छोड़ कर फरार हो गया. जांच के क्रम में ट्रक पर भैंस लदा हुआ पाया गया.
सभी भैंस को गढ़वा स्थित एक मैदान में उतार कर रखा गया़ जबकि ट्रक को रंका थाना ले लाया गया. थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पशु तस्कर द्वारा रंका थाना के सोनपुरवा से पशु को ट्रक पर लोड कर कानपुर ले जाया जा रहा था. इसमें खलासी वकील अंसारी (परसही, मेराल) को हिरासत में लिया गया है. इस मामले में पशु तस्कर जैनुल्लाह अंसारी (सोनपुरवा, रंका), ट्रक मालिक, चालक आफताब अंसारी( परसही, मेराल) तथा खलासी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है़
