बीडीओ के निर्देश पर समन्वयक ने थाना में कार्रवाई के लिये आवेदन दिया
चिनिया : चिनिया प्रखंड की बरवाडीह पंचायत में प्रधानमंत्री अावास निर्माण में लाभुकों से 500 से दस हजार रुपये तक की उगाही बिचौलियों द्वारा किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. बरवाडीह पंचायत के सिगसिगा कला के 10 लाभुकों से उसी गांव के बिचौलिया मंदीप यादव, अजय यादव, गिरजा यादव द्वारा राशि की वसूली का आवेदन कैलाश यादव ने चिनिया बीडीओ बिजय कुमार को दिया है़
आवेदन दिये जाने के बाद मामला प्रकाश में आया़ आवेदन के आलोक में बीडीओ ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार को बरवाडीह पंचायत के सिगसिगा कला गांव पहुंचे, जहां लाभुक नगेश्वर यादव, नारायण यादव, जागेश्वर भुईयां, कमलेश यादव, सुरेंद्र भुईयां, तेतरी देवी, बिनोद भुईयां, बुटन भुईयां, संतोष यादव, कैलाश यादव, बैजनाथ भुईयां आदि लाभुकों ने राशि उगाही से संबंधित आवेदन बीडीओ को दिया़ आरोप की पुष्टि होने के बाद बीडीओ के निर्देश पर पीएम आवास के प्रखंड समन्वयक ने थाना में आवेदन देकर बिचौलियों पर कानूनी कार्रवाई को लेकर आवेदन दिया है़
बीडीओ ने कहा कि पीएम आवास गरीबों के लिये सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है़ इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा पैसे की लेनदेन को बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बिचौलियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई
की जायेगी़
