नाच देखने के दौरान बराती व सराती पक्ष के बीच हुई थी हाथापाई
लड़की पक्ष के लोगों ने बरातियों को घर पहुंचने से पूर्व घेर कर पीटा
मेराल : मेराल थाना के लखेया गांव में बुधवार को बारात से लौट रहे लोगों के साथ सराती पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट का मामला प्रकाश में आया है.
इस मारपीट में सात लोग जख्मी हो गये हैं. इस मामले में भुक्तभोगियों ने मेराल थाना में पहुंचकर मामले की प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. इसमें मारपीट के घटना के पीछे कांडी थाना के जतरो गांव में शादी के दौरान आयोजित अॉरकेस्ट्रा में बराती व सराती पक्ष के लोगों के बीच हुआ झगड़ा बताया गया है.
मेराल थाना के लखेया गांव निवासी रामखेलावन राम द्वारा दिये गये आवेदन के मुताबिक मंगलवार को उसके घर से कांडी थाना के जतरो गांव में बारात गयी थी. वहां संजय राम की पुत्री चंचला कुमारी के साथ उसके बेटे की शादी थी. बारात में नाच-गान का आयोजन हुआ था.
नाच देखने के दौरान बराती तथा सराती पक्ष के लोगों के बीच कुछ बात को लेकर झगड़ा हो गया. इसमें बरातियों के साथ नगरऊंटारी थाना के मंगरदह गांव निवासी अमित राम, जितेंद्र राम व उसका पिता श्यामा राम से हाथापाई हो गयी. यद्यपि इसको दोनों पक्षों के बीच-बचाव के बाद रात में ही शांत करा दिया गया. लेकिन दूसरे दिन शादी कराकर घर लौटने के क्रम में बुधवार को जैसे ही रामखेलावन अपने परिवार तथा सगे-संबंधियों के साथ लखेया पहुंचने ही वाला था कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में अमित राम, जितेंद्र राम, श्यामा राम, सुनील राम, बच्चु राम, लक्ष्मण राम, पप्पू कुमार, ओमप्रकाश राम, बदन राम, ज्ञानी राम, सचिन राम आदि ने बहू को घर ले जाने से रोक दिया और उन लोगों को लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया. इसमें एक महिला सहित सात लोगों को बुरी तरह चोट आया है.
राम खेलावन ने कहा कि इसकी सूचना उनलोगों ने तुरंत मेराल थाना पुलिस को दी. सूचना पर पुलिस वहां पहुंच भी गयी थी. लेकिन पुलिस की उपस्थिति में ही आरोपियों ने उनसब की पिटाई की. इसमें उसका, उसकी पत्नी बसंती देवी, रमना के धनंजय राम, गढ़वा पिपरा निवासी छोटू राम, हुलहुला निवासी नरेश कुमार, अजीत कुमार व लखेया निवासी मिथिलेश कुमार का माथा फट गया है तथा उन्हें बचाने में एएसआइ जितेंद्र बारला को भी चोट लगी है. घायलों में वसंती देवी के
जख्म की गंभीरता को देखते हुए उसे मेराल अस्पताल से गढ़वा रेफर कर दिया गया है. जबकि शेष लोगों का इलाज मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है.
