मेराल से संजय तिवारी की रिपोर्ट
Garhwa News: गढ़वा-विंढमगंज मुख्य पथ (एन एच-75) पर मेराल थाना क्षेत्र के खजूरी गांव स्थित चौहट्टा के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सुबह हटवाया. जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 1 बजे हुआ.
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान विशाल कुमार (22 वर्ष), पिता- शुकन राम (ग्राम- हारादाग, थाना- रमना) और मनीष कुमार (25 वर्ष), पिता- उदय राम (ग्राम- छावनवा टोला, थाना- मेराल) के रूप में हुई है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दुर्घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. रात से शुरू हुआ यह जाम गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे तक लगा रहा, जिससे एनएच-75 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के काफी समझाने-बुझाने और उचित कानूनी कार्रवाई के आश्वासन के बाद सुबह जाम हटाया जा सका. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम (अंत्य परीक्षण) के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि यह दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई या बाइक अनियंत्रित होकर पलटी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में जल्द लागू होगी नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, लाखों सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इसे भी पढ़ें: गढ़वा के मिलावटखोरों पर एसडीएम साहेब का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 क्विंटल मिठाइयां मिट्टी में दफन
