East Singhbhum News : मिर्गीटांड़ के वोटरों को वाहन से बूथ पर पहुंचायेगा प्रशासन

घाटशिला प्रखंड की बाघुड़िया पंचायत में पहाड़ पर बसे मिर्गीटांड़ गांव के वोटर पहाड़-जंगल के रास्ते चलकर सात किमी दूर नरसिंहपुर बूथ पर मतदान करते हैं.

गालूडीह.

घाटशिला प्रखंड की बाघुड़िया पंचायत में पहाड़ पर बसे मिर्गीटांड़ गांव के वोटर पहाड़-जंगल के रास्ते चलकर सात किमी दूर नरसिंहपुर बूथ पर मतदान करते हैं. हालांकि, चुनाव आयोग ने दो किमी के क्षेत्र में बूथ का नियम बनाया है. हालांकि, बीहड़ और दुर्गम गांवों के लिए संभव नहीं है. पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि घाटशिला विस के कई गांव काफी बीहड़ और दुर्गम क्षेत्र में हैं. जहां से बूथ की दूरी अधिक है. वैसे गांवों के वोटर की सुविधा के लिए प्रशासन अपने स्तर वाहन की व्यवस्था मुहैया करायेगा, ताकि वोटर बूथ तक सुगमता से पहुंच सकें. इस कार्य में बीएलओ को लगाया जायेगा.

गर्भवती व बुजुर्गों को होती है परेशानी

जानकारी हो कि हर बार मिर्गीटांड़ के वोटर पहाड़-जंगल पार कर सात किमी दूर नरसिंहपुर जाते हैं. गर्भवती माताओं और वृद्ध को परेशानी होती है. कई लोग वोट देने से वंचित रह जाते हैं. मिर्गीटांड़ के ग्रामीण रामचंद्र किस्कू, रवि टुडू आदि ने बताया कि हम लोगों का बूथ उत्क्रमित मध्य विद्यालय नरसिंहपुर में है. जंगल से होकर जाना पड़ता है. काफी लोग मतदान करने नहीं पहुंच पाते हैं.

गांव के स्कूल में मतदान केंद्र बनाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि मिर्गीटांड़ गांव में प्राथमिक विद्यालय है. यहां मतदान केंद्र बना दिया जाये, तो ग्रामीणों को आसानी होगी. ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय मिर्गीटांड़ में मतदान केंद्र बनाने की मांग की है. सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन यहां मतदान केंद्र नहीं बनाता है. नरसिंहपुर आंगनबाड़ी की सेविका सारती सिंह ने बताया कि मतदाता सूची के अनुसार, मिर्गीटांड़ गांव में कुल 103 मतदाता है. इनमें 58 पुरुष और 45 महिलाएं शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >