East Singhbhum News : 3 दिनों में ग्रामीणों ने 3 लोगों से धक्का-मुक्की व मारपीट की, पुलिस ने बचाया

बच्चा चोरी की एक भी घटना नहीं पुलिस बोली- कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई होगी

धालभूमगढ़. धालभूमगढ़ प्रखंड में पिछले तीन दिनों से बच्चा चोर गिरोह की अफवाह ने लोगों की नींद उड़ा दी है. हालांकि, अब तक एक भी बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संदिग्धों और अनजान चेहरों को देखते ही भीड़ उग्र हो जा रही है. शनिवार को सोनाखून में अफवाह के कारण ग्रामीणों ने एक अर्ध विक्षिप्त युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी.

संदिग्ध दिखे, तो पुलिस को बतायें, हिंसा न करें : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने लोगों से शांति की अपील की. उन्होंने चेतावनी दी है कि संदिग्ध दिखने पर तुरंत पुलिस या 112/100 नंबर पर सूचना दें. कानून अपने हाथ में न लें. हिंसा करना गंभीर अपराध है. ग्रामीणों पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है. इधर, ””सेवा ही धर्म”” संस्था के नौशाद अहमद और समाजसेवी सुब्रत दास भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और अफवाहों से बचने की मुहिम चला रहे हैं.

हाल में हुईं घटनाएं

– सोनाखून की घटना : घाटशिला के काशिदा निवासी बापी पातर को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पीट दिया. वह साइकिल का चेन-स्पोकेट लेकर घूम रहा था, जिससे लोगों को संदेह हुआ. पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है.

– आमदा गांव की घटना : गुरुवार को हजारीबाग से आये दो नक्शा विक्रेताओं को ग्रामीणों ने घेरकर धक्का-मुक्की की. पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर रही है.

– नरसिंहगढ़ की घटना : शुक्रवार की रात एक विक्षिप्त महिला को देखकर लोगों ने लाठी-डंडे लेकर उसे दौड़ा दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बचाया.

डुमरिया : बच्चा चोर के संदेह में शहद बेचने वालों को पकड़ा, जांच के बाद पुलिस ने छोड़ा

डुमरिया. डुमरिया थाना क्षेत्र में शनिवार को बच्चा चोरी की अफवाह के कारण हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने संदिग्ध वेशभूषा देखकर गांव में शहद बेचने आए कुछ बाहरी लोगों को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया. हालांकि, पुलिस की जांच में बच्चा चोरी जैसी कोई बात सामने नहीं आई और पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया. ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को एक महिला को संदिग्ध अवस्था में देखा गया, जिसकी वेशभूषा स्थानीय नहीं थी. ग्रामीणों को शक हुआ कि वह बच्चा चोर गिरोह की सदस्य हो सकती है. सूचना मिलने पर डुमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाना ले गई. जांच में पता चला कि वे लोग खानाबदोश हैं और सुदूर गांवों में घूम-घूमकर शहद (मधु) बेचने का काम करते हैं. हाल ही में ढेगाम बाजार से हुई बच्चा चोरी की घटना के कारण क्षेत्र में डर का माहौल है. थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध की सूचना पुलिस को दें, लेकिन कानून हाथ में न लें और अफवाहों पर ध्यान न दें. पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >