मुसाबनी से कोइमा (गुड़ाबांदा) तक लगभग 45 किमी सड़क मरम्मत कार्य पथ निर्माण विभाग से चल रहा है. इसमें व्यापक अनियमितता का आरोप है. 25 करोड़ रुपये की लागत से केके बिल्डर्स निर्माण कर रहा है. आरोप है कि कार्य में विभागीय मानकों को दरकिनार किया जा रहा है. सड़क के किनारों को मजबूती देने के लिए बाहर से मिट्टी लाकर भराई की जानी चाहिए. इसके विपरीत, संवेदक लागत बचाने के लिए सड़क के ठीक बगल की जमीन को जेसीबी से खोदकर मिट्टी डाल रहा है. वहीं, कासियाबेड़ा के पास सड़क के समानांतर गहरे नालीनुमा गड्ढे बना दिये गये हैं. ये गड्ढे राहगीरों और वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं. इससे पहले बनमाकड़ी में भी ग्रामीणों ने घटिया निर्माण और सड़क उखड़ने पर विरोध जताया था, लेकिन कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ. विभागीय अधिकारी कार्यालयों तक सीमित हैं. सहायक अभियंता दिव्यांशु सिंह ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा में मजिस्ट्रेट ड्यूटी के कारण वे कार्यस्थल पर नहीं जा सके हैं. उनके संज्ञान में फिलहाल मिट्टी भराई का मामला नहीं है, हालांकि उन्होंने मानक के अनुसार काम कराने का आश्वासन दिया है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.