प्रतिनिधि, घाटशिला
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर और घाटशिला स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय के बीच शनिवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गये. इस समझौते के तहत दोनों संस्थान शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शोध सुविधाएं तथा उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. एमओयू के तहत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी), राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, छात्र-शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, समर इंटर्नशिप, औद्योगिक भ्रमण, प्लेसमेंट गतिविधियां तथा डिजिटल तकनीक और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे. यह समझौता प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा. इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो डॉ गौतम सुत्रधार, सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ नीत नयना और सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संसाधनों और अनुसंधान के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे. कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने कहा कि एनआईटी जमशेदपुर एवं सोना देवी विश्वविद्यालय के मध्य संपन्न यह समझौता झारखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.
