East Singhbhum : झारखंड के पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के मानचित्र पर जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने वाला है. सोमवार को झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी चाकुलिया पहुंचे, जहां उन्होंने वन विभाग द्वारा नवनिर्मित ‘इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क’ का निरीक्षण किया. उन्होंने पूछा कि अप्रैल मई और जून महीने की गर्मी में पार्क की हरियाली कैसे बचेगी. इस पर विभागीय अधिकारियों ने कहा कि इसकी समुचित व्यवस्था की गई है. अधिकारियों ने पिछले 3 वर्षों के गर्मी का अनुभव भी साझा किया. करोड़ों की लागत से बना यह पार्क झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार-झारखंड क्षेत्र का सबसे बड़ा पार्क माना जा रहा है.
उद्घाटन की जगी उम्मीद
वर्तमान में यह भव्य पार्क मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा औपचारिक उद्घाटन की प्रतीक्षा में है. सचिव का यह दौरा स्थानीय लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आया है. माना जा रहा है कि नगर पंचायत चुनाव की व्यस्तता के बाद अब जल्द ही मुख्यमंत्री इसके द्वार जनता के लिए खोल सकते हैं.
हर वर्ग के लिए खास है यह पार्क
पूरे परिसर का भ्रमण करने के बाद सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने पार्क की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘चाकुलिया में बना यह पार्क अद्भुत और बेहद खूबसूरत है. यहां बच्चों के खेल-कूद से लेकर बुजुर्गों के लिए योग केंद्र और युवाओं के लिए आधुनिक जिम की व्यवस्था की गई है. पार्क का क्षेत्रफल काफी विशाल है, जो भविष्य में इसके विस्तार की अपार संभावनाओं को दर्शाता है.
मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
सचिव ने आश्वस्त किया कि वे इस निरीक्षण की विस्तृत जानकारी और पार्क की भव्यता से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराएंगे. जिसके बाद उद्घाटन की आधिकारिक तिथि निर्धारित की जाएगी. सरकार की प्राथमिकता इसे जल्द से जल्द आम जनता को समर्पित करने की है.
ये अधिकारी थे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान सचिव के साथ आरसीसीएफ स्मिता पंकज, डीएफओ सबा आलम अंसारी, रेंजर दिग्विजय सिंह और बहरागोड़ा के पशुपालन अधिकारी डॉ राजेश सिंह सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे. इस पार्क के खुलने से न केवल स्थानीय लोगों को मनोरंजन का साधन मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र में पर्यटन और स्वरोजगार के नये अवसर भी पैदा करेगा.
ये भी पढ़ें…
‘इंडिया प्राइड अवार्ड–2026’ से सम्मानित हुई झारखंड की बाईकर गर्ल कंचन उगुरसांडी
West Singhbhum: गंभीर मामला आते ही जगन्नाथपुर सीएचसी में अफरा-तफरी, खुल गई स्वास्थ्य सिस्टम की पोल
