East Singhbhum News : मुआवजा भुगतान में देरी से रैयतों में बढ़ा असंतोष

पूर्वी सिंहभूम के रैयतदारों को न्याय दिलाने विधायकों ने डीसी से की मुलाकात

पोटका. पूर्वी सिंहभूम जिले के रैयतदारों को सड़क निर्माण विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण का मुआवजा अब तक नहीं मिला है. पोटका विधायक संजीव सरदार, बहराघोड़ा विधायक समीर मोहंती, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और झामुमो युवा नेता सोमेश चंद्र सोरेन ने बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि जमीन देने वाले किसानों और ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिये बिना न्याय अधूरा रहेगा. विधायकों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र मुआवजा नहीं दिया गया तो वे इस मुद्दे को मुख्यमंत्री तक ले जाएंगे.

बैठक में जिले के विधायकों ने क्षेत्र से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की

उचाटीकोचा गांव के यूसीआइएल प्रोजेक्ट प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में जल्द सुधार की मांग की गयी है. इसमें विस्थापित परिवारों को भूखंड, आवास, बिजली, पेयजल और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिले में चौकीदार पदस्थापना में हुई विसंगतियों को दूर करने और बाहरी प्रखंडों में भेजे गये चौकीदारों को उनके गृह प्रखंड में पदस्थापित करने का आग्रह किया. लंबे समय से लंबित हरिणा मेला, रंकिणी महोत्सव, गूंज महोत्सव को राजकीय मेला का दर्जा देने की प्रक्रिया पूरी करने पर भी बल दिया गया. विधायकों ने भू-अर्जन विभाग में हो रही अनियमितताओं की ओर डीसी का ध्यान आकर्षित करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की. राशन डीलरों के कमीशन की लंबित राशि के कारण डीलरों में असंतोष और हड़ताल की स्थिति पर भी चिंता जताई और डीसी से शीघ्र भुगतान करने को कहा गया. एकलव्य विद्यालय में घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति में आ रही शिकायतों पर ध्यान देने और आवश्यक सुधार करने की मांग भी की गयी. इसके साथ ही जिले के सभी स्वीकृत धूमकुड़िया भवनों के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग हुई. डीसी ने सभी मामलो में जल्द सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया.

अधूरे विकास कार्यों को लेकर डीसी को सौंपा ज्ञापन

पटमदा और बोड़ाम के कई गांवों के अधूरे विकास कार्यों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो और उत्तम महतो ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मुख्य चार समस्याओं को उजागर किया गया. पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल का नया भवन बनकर तैयार है. जल्द ही उसमें कक्षाएं शुरू की जाएं. बेलटांड़ से रघुनाथपुर मुख्य सड़क का अधूरा पीसीसी कार्य पूरा किया जाए. काकीडीह मोड़ से डिमुडीह मोड़ तक सड़क मरम्मत का काम, जिसका शिलान्यास 13 मार्च 2022 को हुआ था, जो अभी तक शुरू नहीं हुआ है. महुलबना पंचायत भवन तक सड़क मरम्मत व सुदृढ़ीकरण, खासकर तीनसीमा मोड़ से पंचायत भवन तक की जर्जर सड़क की मरम्मत की जाए. उपायुक्त ने ज्ञापन को तुरंत संज्ञान में लेते हुए पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल के नए भवन में जल्द कक्षाएं शुरू कराने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया. इसके अलावा अन्य विकास कार्यों पर भी त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >