कोकपाड़ा स्थित दुलियापाड़ा कालिंदी बस्ती निवासी मालती कालिंदी के आवास की स्थिति का जायजा लेने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बबली कुमारी खुद पहुंचीं. प्रभात खबर में समाचार प्रकाशित होने के बाद बीडीओ ने मालती कालिंदी से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली. बीडीओ ने बताया कि एनएच-18 के चौड़ीकरण के दौरान मालती कालिंदी की जमीन का अधिग्रहण किया गया था, जिसका मुआवजा उन्हें मिल चुका है. मुआवजे की राशि से उन्होंने पास में एक छोटा पक्का घर बनाया है. पक्का मकान होने की वजह से पूर्व में उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका था.
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि पुराना जर्जर मकान एनएचएआइ से अधिग्रहित भूमि पर स्थित है, लेकिन परिवार में सदस्यों की संख्या अधिक होने के कारण वे अभी भी उस पुराने घर का उपयोग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मालती कालिंदी के लिए सरकारी आवास योजना का जियो-टैग कराया जा चुका है. प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ दे दिया जायेगा.
