East Singhbhum News : नववर्ष पर माता वैष्णो देवी धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गालूडीह. उलदा स्थित वैष्णो देवी धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

गालूडीह.

गालूडीह के उलदा स्थित हाइवे किनारे बने माता वैष्णो देवी धाम मंदिर में नववर्ष पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. माता के दरबार में मत्था टेककर श्रद्धालुओं ने वर्ष 2026 की शुरुआत की. गुरुवार सुबह से शाम तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा. हजारों की संख्या में लोग कतारबद्ध होकर माता का दर्शन और पूजन करते देखे गए. सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था. जमशेदपुर, चांडिल, जादूगोड़ा, घाटशिला, गालूडीह, धालभूमगढ़, चाकुलिया, बहरागोड़ा, मुसाबनी, डुमरिया सहित पश्चिम बंगाल के कई इलाकों से श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचे थे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिलाओं और पुरुषों के प्रवेश के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गयी थी. भारी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस पूरे दिन तैनात रही. श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप चना और सूजी का हलवा वितरित किया गया. पुजारियों की टीम लगातार पूजा में लगी रही. मंदिर कमेटी अध्यक्ष राजकिशोर साहू के नेतृत्व में सदस्य पूरी तत्परता से व्यवस्था संभालते रहे.

मंदिर के दोनों तरफ हाइवे पर एक-एक किमी तक लगता रहा जाम

माता वैष्णो देवी धाम में सुबह से दोपहर तक भारी भीड़ रहने से हाइवे पर जाम की स्थिति बनी रही. वाहनों की रफ्तार रेंगती रही. मंदिर के दोनों ओर लगभग एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही. सिंगल लेन सड़क होने के कारण दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस एवं मंदिर समिति के सदस्य लगातार यातायात सुचारू करने में जुटे रहे, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >