जिले में 89 नये मरीज मिले, चाकुलिया में युवक ब्रेन मलेरिया से पीड़ित

पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का प्रकोप बढ़ा, 89 नए मरीज मिले। चाकुलिया में ब्रेन मलेरिया का मामला सामने आया। स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने की अपील की है।

पूर्वी सिंहभूम जिले में मॉनसून के सक्रिय होते ही मलेरिया का खतरा तेजी से मंडराने लगा है. स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण इलाकों में सघन अभियान चलाकर 10,357 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 89 नये मरीज पॉजिटिव पाये गये. हालांकि, राहत की बात यह है कि संक्रमण से किसी मरीज की मौत की सूचना नहीं है. मलेरिया का आंकड़ा व स्थिति (एक नज़र में):

कुल जांच : 10,357 कुल संक्रमित: 89 मरीज

पीएफ पॉजिटिव: 66 मरीज पीवी पॉजिटिव: 22 मरीज

मिक्स संक्रमण : 01 मरीज

पोटका में 30 व मुसाबनी में 19 नये मरीज

जिले में सबसे गंभीर स्थिति पोटका प्रखंड की है, जहां 2,382 जांच के दौरान सर्वाधिक 30 नये मरीज पाए गए. वहीं, मुसाबनी में 19 और डुमरिया में 17 नये संक्रमित मिले हैं. दूसरी ओर, बहरागोड़ा, जुगसलाई, अर्बन मानगो और अर्बन बिरसानगर क्षेत्रों से राहत की खबर रही, जहां एक भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई.

चाकुलिया में ब्रेन मलेरिया का केस, घर-घर जांच शुरू

चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत स्थित गोहालडांगरा गांव में जांच के दौरान एक 18 वर्षीय युवक ब्रेन मलेरिया से पीड़ित पाया गया. सहिया द्वारा शुरुआती जांच में मलेरिया की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत युवक के घर पहुंची और परिवार के सभी सदस्यों की जांच की. पीड़ित युवक को तुरंत आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गयीं. स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को मच्छरदानी का उपयोग करने, उबला/साफ पानी पीने, और आसपास गंदा पानी जमा न होने देने की सख्त हिदायत दी. चाकुलिया में गुरुवार को कुल 1029 लोगों की मलेरिया जांच की गयी.

प्रभावित गांवों में कीटनाशक छिड़काव और बचाव के निर्देश

मलेरिया के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में रासायनिक छिड़काव तेज कर दिया है. गुरुवार को डुमरिया के 2, घाटशिला के 1 और पोटका के 2 (कुल 5 अति-प्रभावित गांवों) में आ0आरएस कीटनाशक का छिड़काव किया गया.

स्वास्थ्य विभाग की अपील: बारिश के मौसम में अपने घरों के आसपास, कूलर, पुराने बर्तनों और गड्डों में पानी जमा न होने दें. बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर मलेरिया की जांच कराएं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sweta Vaidya

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >