East Singhbhum News : 100 घरों को नुकसान, दर्जनों परिवार बेघर

घाटशिला अनुमंडल. लगातार बारिश ने कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की मुश्किलें बढ़ायीं

घाटशिला. घाटशिला अनुमंडल में लगातार हो रही बारिश ने कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अबतक करीब 100 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है. वहीं, दर्जनों कच्चे मकान ध्वस्त हो गये. इससे लोग खुले आसमान के नीचे आ गये हैं. इन परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर है. वे प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहे हैं. कच्चे मकान गिरने से घर-गृहस्थी का सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया है. गरीब परिवारों के लिए गंभीर संकट की स्थिति है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है. लगातार बारिश से गांवों में जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. विद्युत आपूर्ति बाधित होने से समस्या बढ़ गयी है. बारिश से कई कच्चे मकानों की छत गिर गयी है. कई घरों की दीवारें गिरने का खतरा है. सैकड़ों परिवारों के समक्ष पशुओं को रखने की व्यवस्था नहीं है. अब लोग बारिश रुकने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. लगातार बारिश के कारण पक्के मकान की छत भी टपकने लगी है. बारिश में कच्ची दीवारें भीगने से गिरने का खतरा बढ़ रहा है. जल्द धूप नहीं निकली, तो और लोगों का बेघर होना तय है.

बारिश से कच्चे घर हुए कमजोर, परिवारों को शेल्टर हाउस में भेजने का आदेश

लगातार हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है. घाटशिला की बीडीओ यूनिका शर्मा ने विभिन्न पंचायतों का दौरा किया. काशिदा के पवन महतो और विष्णु प्रिया नाथ के तमुकपाल स्थित घरों की स्थिति गंभीर पायी. बीडीओ ने काशिदा पंचायत के मुखिया को प्रभावितों को शेल्टर हाउस में सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा जोरसा पंचायत के गांवों के भ्रमण के दौरान कई घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गये. मौके पर सत्यवाला महतो व सुनील कालिंदी को तत्काल राहत के लिए तिरपाल दिया गया. वहीं, महुलिया में बारिश के कारण एक पुराना पीपल का पेड़ गिर गया. बीडीओ ने वन विभाग को तुरंत पेड़ हटाने का निर्देश दिया.

खड़ियाडीह में मिट्टी के दो घर ध्वस्त, बीडीओ ने दिये तिरपाल

बारिश से जोड़सा पंचायत के खड़ियाडीह गांव के सुनील कालिंदी व सत्यवाला देवी महतो की मिट्टी का घर ध्वस्त हो गया. पंचायत समिति सदस्य मनी महतो ने इसकी जानकारी घाटशिला बीडीओ यूनिका शर्मा को दी. बीडीओ व कनीय अभियंता गौरव राज गुप्ता बुधवार को गांव में पहुंचे. बीडीओ ने दोनों परिवारों की स्थिति से अवगत हुईं. बीडीओ ने तत्काल राहत के लिए तिरपाल दिया. सुनील व सत्यबाला देवी ने मनी महतो और बीडीओ का आभार जताया. बीडीओ ने गालूडीह क्षेत्र में बारिश से हो रही नुकसान का जायजा लिया और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी.

बहरागोड़ा में बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त

बहरागोड़ा में लगातार बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बुधवार की सुबह से लगातार बारिश के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल रहा. बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. कच्चे मकान में रहने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोग रातभर जागने को विवश हैं. कच्चे मकान की दीवारें गिर रही हैं. घरों में पानी घुसने से सामान बर्बाद हो रहे हैं.

गुड़ाबांदा में घर गिरा, परिवार हुआ बेघर

गुड़ाबांदा में लगातार बारिश से कई लोगों के घर ध्वस्त हो गए हैं. खासकर कच्चे मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है. मिट्टी की दीवार लोगों के लिए आफत बन गयी है. प्रखंड के बालीजुड़ी गांव के सत्य राणा व सिंहपुरा पंचायत के श्रीमती कर्मकार का घर भारी बारिश के कारण गिर गया. इससे पूरा परिवार बेघर हो गया है. सरकारी लाभ नहीं मिलने से ग्रामीण काफी मायूस हैं. अंचल कार्यालय में आवेदन देकर आपदा प्रबंधन से मुआवजा के लिए गुहार लगायी है. तत्काल रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग है.

एक साल पूर्व बने धूमकुड़िया भवन से रिस रहा पानी

गुड़ाबांदा प्रखंड की बालीजुड़ी पंचायत स्थित नाइकानसोल गांव में धूमकुड़िया भवन का निर्माण कराया गया है. एक साल के भीतर भवन के चारों ओर पानी सीपेज हो रहा है. रूम में बारिश का पानी टपक रहा है. दीवारों में हल्की दरार पड़ गयी है. ग्रामीणों ने ठेकेदार के प्रति नाराजगी जाहिर की है. ज्ञात हो कि अनुसूचित जनजाति व पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से 85 लाख रुपये की लागत से धूमकुड़िया भवन का निर्माण किया गया था.

बूढ़ीडाही में पीपल का पेड़ गिरने से तीन घरों को क्षति

बहरागोड़ा प्रखंड की गामारिया पंचायत स्थित बूढ़ीडाही में बुधवार को पीपल का एक विशाल पेड़ तीन घरों पर गिर गया. इससे तीनों घरों को क्षति पहुंची है. गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ. शत्रुघ्न सिंह, मंगल सिंह और रामधन सिंह के घर के सामने पीपल का पेड़ था. बुधवार को बारिश के दौरान पेड़ उखड़ कर मकानों पर गिर गया. इसकी चपेट में आने से तीन घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं. सभी घरों का छज्जा टूटने के साथ दीवार गिर गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >