Dumka (बासुकिनाथ): जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकिनाथ देवघर मुख्य मार्ग में जोगिया मोड़ गांव के समीप शनिवार की रात अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जरमुंडी विराजपुर निवासी 28 वर्षीय मंतोष कुमार के रूप में हुई. वह विराजपुर निवासी शंकर भंडारी का पुत्र था. परिजनों ने बताया कि वह बाइक से आ रहा था, इसी बीच अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बांस के झुरमुट में जा गिरा. बांस का नुकिला भाग युवक के पेट में धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया गया. जहां से घर वाले एवं नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रोहित कुमार राउत सहित अन्य साथी घायल युवक को बेहतर चिकित्सा के लिए देवघर कुंडा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए. जहां युवक की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने देवघर सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने नहीं करने दिया पोस्टमार्टम
घटना को लेकर बताया गया है कि मंतोष कुमार बाइक लेकर जोगिया मोड़ जा रहा था, इस दौरान अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और अंतिम संस्कार कर दिया. मृतक जरमुंडी निवासी कैलाश ठाकुर का साला था. घटना को लेकर क्षेत्र में शोक की लहर है. दुर्घटना के बाद चालक वाहन को तेज गति में लेकर भाग गया.
ये भी पढ़ें…
चैती छठ से पहले रांची में फलों की कीमतों में उछाल, व्रतियों की बढ़ी चिंता
जंगल में महुआ चुनने गए अधेड़ को गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पलामू पुलिस
