मसलिया. कठलिया गांव के राणा टोला स्थित सिंचाई कूप से एक महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान लखनपुर गांव निवासी लखी पुजहरनी (43) के रूप में हुयी है. मृतका के पुत्र काजेश पुजहर ने शव की पहचान की.
मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार, लखी पुजहरनी सोमवार सुबह अपने मायके बुदूडीह जाने की बात कहकर घर से निकली थीं. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं. बुधवार देर शाम कठलिया गांव में मशीचरण हांसदा के सिंचाई कूप में महिला का शव होने की सूचना ग्रामीणों को मिली. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
घटना की सूचना मिलने पर मसलिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुयें से बाहर निकलवाया. शव से दुर्गंध फैल रही थी. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया.
मौत की वजह अब तक स्पष्ट नही
महिला कुयें में कैसे गिरीं या उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है. घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. वहीं मसलिया पुलिस ने मामले में यूडी कांड दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
