दुमका. सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में शहीदी दिवस पर स्वच्छ भारत आंदोलन और मतदान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. युवा मामले और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 529 स्वयंसेवकों की भागीदारी देखी गयी और इनका पंजीकरण किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस के लक्ष्य गीत से तथा सभी को मतदान करने की शपथ दिलाकर की गयी. तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर की साफ-सफाई भी की गयी. इस दौरान मिनी कान्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ धनंजय कुमार मिश्र ने किया. छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ जैनेंद्र कुमार यादव ने अध्यक्ष के रूप में उपस्थित होकर राष्ट्र निर्माण के लिए मतदान के महत्व पर जोर दिया. वहीं अतिथि के रूप में आमंत्रित वनस्पति विज्ञान के पीजी विभाग के प्रमुख डॉ संजय कुमार सिन्हा, सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ इंद्रनील मंडल और वर्ष 2023 के लिए सर्वश्रेष्ठ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी और एनएसएस नोडल अधिकारी से सम्मानित डॉ भारती प्रसाद ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी. डीएसडब्ल्यू जैनेंद्र कुमार ने सशक्त देश और मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए मतदान की अनिवार्यता पर जोर दिया. डॉ संजय कुमार सिन्हा ने छात्रों को देश के भविष्य को आकार देने में उनकी भूमिका के बारे में बताया. विशेष रूप से उनके वोट के महत्व पर जोर दिया. सहायक परीक्षा निदेशक डॉ इंद्रनील मंडल ने मतदान के संवैधानिक अधिकार पर प्रकाश डाला और छात्रों से अपने “मतदान अधिकार ” का जिम्मेदारी से प्रयोग करने का आग्रह किया. राष्ट्र की सेवा के लिए एनएसएस स्वयंसेवकों की सदैव तत्परता पर प्रकाश डालते हुए एनएसएएस की नोडल कार्यक्रम अधिकारी देवघर भारती प्रसाद ने उनके समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की. मौके पर विवि के एनएसएस के विभिन्न यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ स्नेहलता मुर्मू, डॉ अजय शुक्ल और डॉ श्वेता मरांडी, एसपी कालेज के डॉ अनिता चक्रवर्ती, डॉ रूपम कुमारी, डॉ इंद्रजीत कुमार, रंजीत कुमार दुबे तथा सेंट जेवियर्स कॉलेज महारो के डॉ दीपक कोठरीवाल और उनके स्वयंसेवकों की सक्रियता रही. मंच का संचालन डॉ रूपम कुमारी ने और धन्यवाद ज्ञापन डॉ अनिता चक्रवर्ती ने दिया.
मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए मतदान जरूरी : डीएसडब्ल्यू
मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए मतदान जरूरी : डीएसडब्ल्यू
