प्रतिनिधि, मसलिया .मसलिया प्रखंड के तिलाबाद स्थित राजकीय मध्य विद्यालय से दो गैस सिलिंडर चोरी होने का मामला सामने आया है. मंगलवार, 15 सितंबर को विद्यालय खुलने के बाद निरीक्षण के दौरान रसोईघर का ताला खुला मिला. जांच करने पर वहां रखे दो गैस सिलिंडर गायब मिले. मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयप्रकाश यादव ने मसलिया थाना में सनहा दर्ज कराया है.
रसोईघर का ताला खुला मिला
प्रधानाध्यापक की ओर से दिये गये आवेदन के अनुसार, मंगलवार को विद्यालय खोलने के बाद परिसर का निरीक्षण किया गया. इस दौरान रसोईघर के दरवाजे का ताला खुला हुआ पाया गया. वहीं, एक ताला नीचे गिरा मिला. संदेह होने पर रसोईघर के अंदर जांच की गयी, तो वहां रखे दोनों गैस सिलिंडर गायब थे.
अज्ञात चोरों पर जतायी आशंका
विद्यालय प्रबंधन ने आशंका जतायी है कि अज्ञात चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर दोनों गैस सिलिंडर चोरी कर लिये. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रधानाध्यापक ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी.
बीईईओ को भी दी गयी जानकारी
प्रधानाध्यापक जयप्रकाश यादव ने मसलिया थाना में गैस सिलिंडर चोरी को लेकर सनहा दर्ज कराने के साथ ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, मसलिया को भी आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है. आवेदन के माध्यम से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गयी है.
