हंसडीहा: हंसडीहा-देवघर एनएच 133 पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा पहाड़ के समीप बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी बाइक छीन ली और फरार हो गए. घटना बीते रविवार रात की बताई जा रही है. मारपीट में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
बाइक छीनकर भागने के दौरान तीनों अपराधी सरैयाहाट थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए. हादसे में एक अपराधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य अपराधी दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया. वहीं, तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से एक हथियार भी बरामद किया गया है. पुलिस ने अपराधियों द्वारा छीनी गई बाइक को भी बरामद कर लिया है. घटना के संबंध में पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मृत अपराधी की पहचान सहित घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
