प्रतिनिधि, सरैयाहाट: सरैयाहाट प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस-2 उच्च विद्यालय में गुरुवार को आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक में छात्रों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति और अनुशासन को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया. बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को वर्ष 2027 की वार्षिक माध्यमिक एवं इंटर परीक्षा का फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी. विद्यालय प्रबंधन ने साफ कहा कि उपस्थिति के मामले में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी.
75% उपस्थिति नहीं तो परीक्षा फॉर्म पर रोक
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों की नियमित उपस्थिति बेहद जरूरी है. जिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति निर्धारित 75 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें वार्षिक माध्यमिक एवं इंटर परीक्षा का फॉर्म भरने से वंचित होना पड़ सकता है. अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी उपस्थिति पर नजर रखने की अपील की गयी.
पेन नंबर समय पर नहीं दिया तो अभिभावक जिम्मेदार
बैठक में परीक्षा फॉर्म और पंजीयन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों पर भी चर्चा हुई. विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा फॉर्म एवं पंजीयन के लिए पेन नंबर अनिवार्य है. निर्धारित समय पर पेन नंबर उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अभिभावक की होगी.
मोबाइल फोन लेकर स्कूल आने पर सख्ती
विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी सख्त निर्देश जारी किया गया. बिना पूर्व अनुमति के किसी भी छात्र-छात्रा को मोबाइल फोन के साथ विद्यालय परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी. नियम तोड़ने वाले छात्रों के खिलाफ विद्यालय प्रबंधन कार्रवाई करेगा.
बैग, लंच बॉक्स और पानी की बोतल जरूरी
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को प्रतिदिन स्कूल बैग, लंच बॉक्स और पानी की बोतल के साथ विद्यालय आने का निर्देश दिया. बैठक में कहा गया कि छात्रों की नियमित दिनचर्या और अनुशासन का उनकी पढ़ाई पर सीधा प्रभाव पड़ता है. इसलिए अभिभावक भी बच्चों की दिनचर्या को लेकर गंभीर रहें.
पढ़ाई और अनुशासन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासन के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और व्यवहार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. साथ ही विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए सभी से सहयोग की अपील की गयी.
बैठक में विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र कुमार, प्रबंधन समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, उपाध्यक्ष अरविंद मंडल समेत अन्य शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी और अभिभावक मौजूद रहे..
