गोपीकांदर : गोपीकांदर थाना क्षेत्र के कुश्चिरा डीसी मोड़ के पास बुधवार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गया. हादसे में चालक और उपचालक घायल हो गये, जबकि पिकअप वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. दोनों घायलों का आमड़ापाड़ा के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया. चालक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ रेफर किया गया.
अचानक सड़क पर आ गया कुत्ता
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या JH 04 Y 6118 के चालक हरीश कुमार और उपचालक राहुल कुमार बीजीआर कंपनी में कार्यरत हैं. दोनों डीजल लेने के लिए पंप की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कुश्चिरा डीसी मोड़ के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया. चालक ने उसे बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गया.
चारदीवारी तोड़कर पेड़ से टकराया
अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे स्थित साहेब जॉन मुर्मू के घर की खजूर की डालियों से बनी चारदीवारी को तोड़ते हुए परिसर में घुस गया और नींबू के पेड़ से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया.
चालक को पाकुड़ किया रेफर
हादसे में चालक हरीश कुमार के सीने में चोट लगी, जबकि उपचालक राहुल कुमार की अंगुली में हल्की चोट आयी. दोनों को आमड़ापाड़ा के निजी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद राहुल कुमार को छुट्टी दे दी गयी. वहीं हरीश कुमार के सीने में चोट को देखते हुए एक्स-रे कराया गया और बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ रेफर कर दिया गया.
मुआवजे के बाद हटाया गया वाहन
घटना के बाद घर की क्षतिग्रस्त चारदीवारी को लेकर मकान मालिक ने मुआवजे की मांग की. मुआवजे की राशि देने के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को घटनास्थल से ले जाने दिया गया. हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही.
