दुमका : सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में छात्रहित से जुड़े मुद्दे, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं तथा परीक्षा विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गुरुवार को कुलपति को ज्ञापन सौंपा. परिषद ने छात्रहित में विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को 14 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है.
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
परिषद ने कहा है कि निर्धारित समय-सीमा में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल सहित लोकतांत्रिक आंदोलन किया जायेगा.
परीक्षा विभाग को लेकर कई मांगें
ज्ञापन में प्रभारी परीक्षा नियंत्रक को हटाने, उनके कार्यकाल एवं कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा एनसीसीएफ से संबंधित कार्यों एवं टेंडर प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की गयी. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों में किये गये बदलाव की समीक्षा, लंबित परीक्षाओं एवं परिणामों का शीघ्र प्रकाशन तथा परीक्षा परिणाम और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गयी.
एलएलबी और पीएचडी को लेकर मांग
परिषद ने विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई शुरू करने, भवन निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने, घटायी गयी स्नातक नामांकन सीटों को पुन: बहाल करने तथा पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की.
हजारों विद्यार्थियों को परेशानी : आदित्य
नगर सह मंत्री आदित्य जोशी ने कहा कि परीक्षा एवं परिणाम से जुड़ी समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. परीक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहित के मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाती रही है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ. यदि समय रहते मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गयी, तो परिषद आंदोलन तेज करेगी.
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान दुमका एवं साहिबगंज विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, नगर सह मंत्री आदित्य जोशी, शिकारीपाड़ा नगर मंत्री सूरज पाल, मनीष यादव, रजनीश, अब्दुल कलीम, राहुल, जियाउल, मुशर्रफ, राकिब, अजमेर, अमृत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
