मेले में उमड़ी भीड़, सफाई करना भूला प्रशासन! हंसडीहा में चौराहे से तालाब तक पसरा कचरा

हंसडीहा में श्रावणी मेले के दौरान कचरे का अंबार. प्रशासन की उपेक्षा से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी. तत्काल सफाई की मांग.

हंसडीहा. विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान हंसडीहा में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है. मेले के दौरान नियमित साफ-सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ आवागमन करने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मुख्य चौराहे और तालाब के आसपास पसरी गंदगी

हंसडीहा मुख्य चौराहे के समीप गोड्डा रोड के मुहाने पर कचरे का ढेर जमा है. वहीं थाना के समीप स्थित तालाब के आसपास भी कचरा और गंदगी पसरी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के बावजूद सफाई व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है.

विशेष सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल

हर वर्ष श्रावणी मेले के दौरान प्रशासन की ओर से किसी न किसी एजेंसी के माध्यम से विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाती थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस वर्ष सफाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अथवा पंचायत स्तर से अपेक्षित पहल नहीं की गयी है.

लोगों का आरोप है कि प्रशासन की निगरानी में कमी के कारण सफाई कार्य में लगी एजेंसी भी नियमित रूप से काम नहीं कर रही है. यदि समय रहते कचरे का उठाव नहीं कराया गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है.

दुर्गंध और बीमारी का बढ़ सकता है खतरा

लगातार गर्मी और धूप के कारण जमा कचरे से दुर्गंध फैल रही है. लंबे समय तक कचरा पड़े रहने से मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है. इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है. श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर समस्या बताया है.

तत्काल सफाई अभियान चलाने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हंसडीहा में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहे, सड़क किनारे और तालाब के आसपास जमा कचरे का जल्द से जल्द उठाव कराया जाए. साथ ही मेले की अवधि में नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को गंदगी से परेशानी न हो.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिल कुमार चौधरी

वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >