प्रतिनिधि, सरैयाहाट. किसानों को उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरैयाहाट प्रखंड में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया. यह कार्रवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी, सरैयाहाट एवं जिला कृषि पदाधिकारी, दुमका के संयुक्त नेतृत्व में की गई.
स्टॉक से लेकर बिक्री पंजिका तक की जांच
निरीक्षण के दौरान प्रखंड के सभी उर्वरक विक्रेताओं के यहां उपलब्ध स्टॉक, बिक्री दर, स्टॉक व बिक्री पंजिका, कैश मेमो सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई. जांच के क्रम में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर दो उर्वरक दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए, जबकि चार अन्य विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
निर्धारित दर पर खाद बेचने का निर्देश
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को उर्वरक केवल निर्धारित सरकारी दर पर ही उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक बिक्री का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाए. कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता
जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए आपूर्ति, बिक्री और वितरण प्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. फोटो
