दुमका : नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मंगलवार को रोटी बैंक, दुमका की ओर से शहर के बाजार क्षेत्र में राहत-सहयोग अभियान चलाया गया. अभियान की शुरुआत सिदो-कान्हू चौक से की गयी. इसके बाद टीम ने पुराना बाजार सहित विभिन्न व्यावसायिक इलाकों में घूम-घूमकर आम लोगों और व्यापारियों से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की.
आर्थिक सहयोग के साथ जरूरी सामान देने की अपील
अभियान के दौरान सदस्यों ने दुकानदारों, व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यथासंभव योगदान देने का आग्रह किया. लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग के साथ-साथ कपड़े, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की अपील की गयी. अभियान के प्रति शहरवासियों ने भी संवेदनशीलता दिखाई और राहत कार्य में योगदान दिया.
मानवता के लिए एक कदम का संकल्प
रोटी बैंक के सदस्यों ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना सभी का सामाजिक और मानवीय दायित्व है. "दुमका से नेपाल तक—मानवता के लिए एक कदम" के संकल्प के साथ यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक समय पर जरूरी राहत पहुंचाई जा सके. संस्था की ओर से सहयोग करने वाले नागरिकों, व्यवसायियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया गया.
अभियान में ये लोग रहे सक्रिय
कार्यक्रम को सफल बनाने में जतिन कुमार, राजेश कुमार सिंह, राजेश केसरी, अंकित कुमार पांडेय, दंत चिकित्सक डॉ. श्वेता स्वराज, प्रशांत कुमार, डॉ. अजय शुक्ला, राजेश चौरसिया, तीर्थ राज और मधु अली खान सहित कई सदस्य सक्रिय रहे.
