दुमका: जिला कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी की अध्यक्षता में बुधवार को भारतरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनायी गयी. इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया.
आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी का योगदान याद किया
जिलाध्यक्ष स्टीफन मरांडी ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण, तकनीकी विकास, पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को नयी दिशा देने वाले दूरदर्शी नेता थे. देश में तकनीकी क्रांति की नींव मजबूत करने और पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच और आधुनिक भारत के निर्माण का सपना आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है.
मनोज मरांडी बने रानेश्वर प्रखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष
कार्यक्रम के दौरान रानेश्वर प्रखंड कांग्रेस कमिटी के मनोज मरांडी को प्रखंड कांग्रेस कमिटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने की घोषणा की गयी. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जतायी कि उनके नेतृत्व में प्रखंड में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की गतिविधियों का पंचायत और बूथ स्तर तक विस्तार होगा.
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस सचिव अरबी खातून, महेश राम चंद्रवंशी, प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त सचिव रोमी इमाम, जिला उपाध्यक्ष शमसाद अंसारी, अरविंद कुमार, शहरोज शेख, तोबियस मुर्मू, सुनील हेंब्रम, खुर्शीद आलम, शेख रियाज, विजय मरांडी, स्टीफन बेसरा, पौलुस मुर्मू, राजेश्वर किस्कू, दशरत मंडल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
