दुमका में प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह, डीसी बोले- 16 साल पहले मैं भी इसी मंच पर सम्मानित हुआ था

दुमका में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने 16 साल पहले इसी मंच से मिले सम्मान का अनुभव साझा करते हुए सफलता के लिए दृढ़ संकल्प, अनुशासन और समर्पण के 3D मंत्र बताए.

Prabhat Khabar Pratibha Samman 2026 : प्रभात खबर की ओर से शनिवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में दुमका जिले के हजारों मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. समारोह में शिक्षा, प्रतिभा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को केंद्र में रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही.

कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार के उद्योग तथा श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया. उनके साथ उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, प्रभात खबर के स्थानीय संपादक डॉ. आलोक कुमार सिंह एवं बिजनेस हेड देवाशीष ठाकुर मौजूद रहे. दीप प्रज्वलन के बाद झारखंड कला केंद्र के कलाकारों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया. इसके बाद अतिथियों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया.

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा का संबोधन

दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से लगभग 16 वर्ष पहले वर्ष 2010 में उन्हें भी प्रभात खबर के इसी मंच पर सम्मानित होने का अवसर मिला था. उस समय वे एक छात्र थे और यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान केवल पुरस्कार नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर बेहतर करने का विश्वास जगाते हैं और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं. उन्होंने कहा कि आज दुमका के लिए यह गर्व की बात है कि यहां के विद्यार्थी डॉक्टर, आईएएस समेत विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं में अपनी पहचान बना रहे हैं. यह जिले की बदलती तस्वीर और युवाओं की मेहनत का परिणाम है. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे भी बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें. उपायुक्त ने सफलता का मूल मंत्र बताते हुए विद्यार्थियों से 3D—Determination (दृढ़ संकल्प), Discipline (अनुशासन) और Dedication (समर्पण) को अपने जीवन में अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प लक्ष्य तक पहुंचने की दिशा तय करता है, अनुशासन उस मार्ग पर निरंतर बनाए रखता है और समर्पण हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देता है. यदि विद्यार्थी इन तीन सिद्धांतों को अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता.

उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच रखने और लगातार सीखते रहने का आग्रह किया. साथ ही कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. ईमानदारी, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास ही व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाते हैं.

मेधावियों का सम्मान, बैंड ने बांधा समां

समारोह में मुख्य अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी. वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभा को पहचान और प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी है. ऐसे सम्मान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देते है. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया. कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में मयूराक्षी-द बैंड के कलाकार प्रतीक मिश्रा, कृश एवं गौरव ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. लोकप्रिय गीतों पर प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया और विद्यार्थियों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. पूरे समारोह के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला.

विद्यार्थियों को मिली आगे बढ़ने की प्रेरणा

छात्राओं ने प्रभात खबर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते है. कार्यक्रम का समापन अतिथियों के आभार प्रदर्शन एवं विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ.समारोह के सफल आयोजन में स्थानीय प्रायोजकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. इनमें सिदो कान्हू हाई स्कूल, सीपी क्लासेस दुमका, बाइक्स इंडिया होंडा, श्री श्याम सेना, राजेश कुमार सिन्हा, न्यू केयर हॉस्पिटल, अशोका लाइफ केयर, टोकीपुर बीएड कॉलेज, पंडित उदित नारायण ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, समाजसेवी अशोक राउत, समाजसेवी संदीप कुमार, समाजसेवी सुमित पटवारी एवं मैजेस्टिक ऑटोबाइक्स शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान: जमशेदपुर के टॉपर्स के बीच पहुंचे प्रशासनिक दिग्गज, DC ने दिया सफलता का मंत्र

यह भी पढ़ें: Bokaro: विवाहिता की मौत के बाद हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abhishek

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >