आनंद जायसवाल
Dumka: भीषण गर्मी और लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा. दुमका शहर के एसपी कॉलेज से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क और सोनवाडंगाल लीची बागान मुहल्ले पर स्थानीय लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर रोड जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. खास बात यह रही कि जिस इलाके में लोगों ने सड़क जाम किया, उसी मोहल्ले में दुमका सांसद नलिन सोरेन का भी आवास है.
घरों में पानी की किल्लत झेल रहे लोग
स्थानीय लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से इलाके में बिजली की स्थिति पूरी तरह चरमरा गयी है. दिन-रात लगातार बिजली कटौती हो रही है. कई बार घंटों तक बिजली गायब रहती है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. बिजली नहीं रहने से पानी की समस्या भी गंभीर हो गयी है. मोटर नहीं चलने के कारण घरों में पानी की किल्लत बढ़ गयी है. भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं.
छात्रों को हो रही बेहद परेशानी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सड़क जाम वाले इलाके में छात्र-छात्राओं के दर्जनों लॉज स्थित हैं. यहां दूर-दराज से आये सैकड़ों विद्यार्थी रहकर पढ़ाई करते हैं. लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. लोगों ने कहा कि रातभर बिजली की आंख-मिचौली चलती रहती है, जिससे लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही है.
जाम में फंसे सांसद नलीन सोरेन
इसी दौरान संयोगवश दुमका सांसद नलिन सोरेन भी उसी रास्ते से गुजर रहे थे और सड़क जाम में फंस गये. सांसद की गाड़ी रुकते ही लोग अपनी समस्या लेकर उनके पास पहुंच गये. सांसद नलिन सोरेन तुरंत गाड़ी से उतरे और सड़क पर खड़े होकर लोगों की बातें सुनीं. स्थानीय लोगों ने उन्हें क्षेत्र की खराब बिजली व्यवस्था और विभागीय उदासीनता की जानकारी दी.
अधिकारियों को सांसद ने किया फोन
मौके पर ही सांसद ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया. उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए तत्काल पहल की जा रही है. इस दौरान सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि यह उनका भी मोहल्ला है और वे लोगों की परेशानी को अच्छी तरह समझते हैं. उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों से बात कर ली गयी है और जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा. करीब कुछ देर तक सड़क जाम रहने के बाद लोगों ने प्रशासन और सांसद के आश्वासन पर जाम हटाया.
ये भी पढ़ें…
दुमका: नदी में चुआं बनाकर प्यास बुझा रहे ग्रामीण, जलमीनार और पाइपलाइन बंद
